{"_id":"68c183b3314210bd0b019a04","slug":"harjot-singh-bains-said-road-connectivity-electricity-and-water-supply-restored-in-flood-affected-areas-punjab-2025-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab Flood: सामान्य होने लगा जन-जीवन, मंत्री बैंस बोले- 100% सड़क संपर्क, बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab Flood: सामान्य होने लगा जन-जीवन, मंत्री बैंस बोले- 100% सड़क संपर्क, बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल
Wed, 10 Sep 2025 07:27 PM IST
अंकेश ठाकुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Wed, 10 Sep 2025 07:27 PM IST
सार
पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हालात सुधरने लगे हैं। जन-जीवन अब सामान्य हो रहा है। पानी का स्तर घटने के बाद लोगों के लिए प्रशासन जी जान से कार्यों में जुटा हुआ है।
विज्ञापन
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बाढ़ प्रभावित पंजाब में जन-जीवन अब ट्रैक पर लौटने लगा है। पंजाब के शिक्षा व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि उनके विधानसभा क्षेत्र आनंदपुर साहिब के सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में 100 प्रतिशत सड़क संपर्क, बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि सिंहपुर-पलासी गांवों के निवासी अब बाढ़ का पानी कम होने के बाद राहत शिविरों से अपने घरों की ओर लौटना शुरू हो गए हैं।
विज्ञापन
मंत्री बैंस बीते कई दिनों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वयं जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। हरसा बेला, पट्टी दुलची और बेला शिव सिंह जैसे गांव, जो बाढ़ के पानी से कट गए थे, अब फिर से जोड़े जा रहे हैं। गांवों को जोड़ने के लिए 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया था। आज कुछ ही घंटों में यह कार्य पूरी तरह से पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
मंत्री ने बताया कि सिंहपुर-पलासी के घरों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग और कीटाणुनाशक का छिड़काव किया गया है और प्रशासन स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यरत है। 100 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जिसमें बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर उन्हें कार्यशील बना दिया गया है। इसी तरह पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह बहाल कर दी गई है, जिसमें जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग ने एनडीआरएफ नौकाओं की मदद से पाइपलाइन को फिर से जोड़ा है।
विज्ञापन
विभाग कर रहा प्रभावित क्षेत्रों की गिरदावरी
बैंस ने घोषणा की कि बेला धियानी का टूटा हुआ लकड़ी का पुल अब एक मजबूत, मोटरेबल पुल से बदला जाएगा, जिससे लंबे समय तक सुरक्षा और बेहतर संपर्क सुनिश्चित होगा। राजस्व विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी अभ्यास सक्रिय रूप से कर रहा है, जो आने वाले दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के लिए रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।
बीते कई हफ्तों से कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस लगातार अपने क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और प्रशासन के साथ जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आप स्वयंसेवकों, पंचायत सदस्यों, सरपंचों और युवा क्लबों के समर्पित प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने इस संकट के दौरान उनके साथ मिलकर काम किया।
मदद करने वालों का धन्यवाद
बैंस ने बताया कि चिकित्सा दल और पशुपालन विभाग सक्रिय रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। लोगों को मुफ्त चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जबकि पशुओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान भी चल रहा है। पशुओं की उचित देखभाल के लिए अब तक 10 ट्रक चारे का वितरण किया जा चुका है और प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री व अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। मंत्री बैंस ने कहा कि पंजाब के लोगों, विशेषकर मेरे क्षेत्र के लोगों का इस प्राकृतिक आपदा के कठिन दिनों में सहयोग और समर्थन करने वालों का मैं आभार व्यक्त करता हूं।