अमृतसर। कत्थूनंगल इलाके में सोमवार को हुई पंजाब नेशनल बैंक में 17 लाख 72 हजार और 805 रुपये की लूट मामले में पुलिस ने बैंक के पास इलाके से काल डंप उठाया है। इस डंप में पुलिस को कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ दो नकाबपोशों द्वारा बैंक में कल सुबह 10:55 की गई उक्त लूट मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। मूल रूप से पठानकोट व हाल में कत्थूनंगल स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर शाखा मैनेजर रोहिन बब्बर द्वारा दी गई शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू की है।
मैनेजर रोहिन बब्बर ने पुलिस को बताया कि कल सुबह बैंक खोलने के बाद बैंक के सभी कर्मचारी अपनी-अपनी सीटों पर काम कर रहे थे कि करीब 10.55 बजे दो नकाबपोश बैंक में आए और बैंक में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के पिस्तौल की नौक हाथ खड़े करवा दिए। इस दौरान एक लुटेरे ने बैंक के बाहरले दरवाजे की अंदर से चिटकनी बंद कर दी और हेड कैशियर खुशबू वर्मा से पिस्तौल की नौक पर 1772805 रुपये लूट कर ले गए। डीएसपी मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला गया, लेकिन अभी तक लुटेरों की पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि नकाबपोश लुटेरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने बैंक के पास पूरे इलाके से काल डंप उठाया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को काल डंप में कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।