पंजाब में बिजली संकट से हाहाकार: निर्विघ्न आपूर्ति के लिए किसानों ने घेरा बिजली मंत्री का घर, पुलिस से हुई धक्कामुक्की
किसान नेताओं ने कहा कि खेती मोटरों के लिए 8 घंटे और घरेलू बिजली 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पावर कट लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में तेजी से विकराल रूप धारण करते जा रहे बिजली संकट को लेकर शुक्रवार को किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के घर का घेराव किया। किसानों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली संकट हल कर निर्विघ्न बिजली आपूर्ति देने की मांग की।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश महासचिव सरवण सिंह पंधेर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सुबह 9 बजे गोल्डन गेट पर इकट्ठा हुए और यहां न्यू अमृतसर स्थित ऊर्जा मंत्री के घर के बाहर पहुंचे। वहीं पंजाब पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की में कई किसानों की पगड़ी उतर गई। इसके बाद गुस्से में आए किसान पुलिस के लगाए बैरियर तोड़ते हुए मंत्री के निवास के बाहर पहुंच गए। एसई जतिंदर सिंह और एसडीएम राजेश शर्मा के भरोसा दिलाए जाने के बाद किसानों ने धरना हटा लिया।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव पंधेर ने पुलिस और प्रशासन की ओर से किसानों के साथ की गई धक्का-मुक्की की सख्त निंदा की। इस अवसर पर किसान नेता पंधेर, गुरचरण सिंह चब्बा, रंजीत सिंह कलेरबाला ने कहा कि खेती मोटरों को बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के चलते इस समय खेतों में मौजूद हर तरह का चारा, सब्जियां, गन्ने की फसल सड़ रही है। सब्जियों के लिए लाई गई पनीरी भी सड़ गई है और इससे किसानों का बड़ा नुकसान हो रहा है।
किसान नेताओं ने कहा कि खेती मोटरों के लिए 8 घंटे और घरेलू बिजली 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पावर कट लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं का कम झाड़ मिलने पर वे परेशान हैं और आर्थिक हालात भी बद से बदतर होने पर कई किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। अब बिजली कटों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसान नेता जर्मनजीत सिंह बंडाला, बाज सिंह सारंगड़ा, सकत्तर सिंह कोटला, गुरलाल सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार सभी ग्रिड, फीडर, ट्रांसफार्मर डी-लोड करे, ढीले तारों की मरम्मत करके धान के सीजन से पहले सभी प्रबंध पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट बिजली माफी, एससी, बीसी और सामान्य वर्ग को बिना किसी लोड, जाति, धर्म की शर्त के बिना दी जाए।
एसई जतिंदर सिंह और एसडीएम राजेश शर्मा ने दिया भरोसा
इस अवसर पर एसई जतिंदर सिंह और एसडीएम राजेश शर्मा ने उन्हें विश्वास दिलाया कि खेती मोटरों के लिए 8 घंटे और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 24 घंटे बिजली सहित अन्य समस्याएं 2-3 दिनों में हल कर दी जाएंगी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि उनकी अन्य मांगों संबंधी वे बहुत जल्द उनकी मीटिंग ऊर्जा मंत्री हरभजन सिंह से करवाएंगे। इसके बाद किसानों ने ऊर्जा मंत्री के निवास के बाहर लगाया धरना हटा लिया।