अमृतसर: स्वास्थ्यकर्मियों ने नवजोत सिद्धू को घेरा, नर्स का आरोप-चालक ने की गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
प्रदर्शनकारी नर्स ने आरोप लगाया कि सिद्धू के दस्ते में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ बदसुलूकी की। उनके साथ अभद्र भाषा में बात की। धक्कामुक्की भी की और सिद्धू यह सब चुपचाप देखते रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेगुलर करने की मांग पूरी न होने से नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने शनिवार को अमृतसर में पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की गाड़ी को घेर लिया। सिद्धू के सुरक्षाकर्मियों समेत अन्य पुलिस फोर्स ने प्रदर्शनकारियों को कार के सामने से हटाया। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई। एक नर्स घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। नर्स ने आरोप लगाया कि सिद्धू के चालक ने उसके ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि डीसी का कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। सीसीटीवी मौजूद है। गाड़ी ने उसे छुआ तक नहीं।
असल में एनएचआरएम के तहत एएनएम, मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर पुरुष तथा महिला, ठेका आधारित नर्सिंग स्टाफ लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को नवजोत सिंह सिद्धू जैसे ही कोठी से बाहर निकले प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया। इससे सुरक्षादस्ते में हड़कंप मच गया। उन्होंने खींच खींचकर प्रदर्शनकारियों को कार के आगे से हटाया। जत्थेबंदी की प्रधान सतिंदर कौर, अरमान, कुलजीत ने बताया कि कार में मौजूद सिद्धू खामोश बैठे यह तमाशा देखते रहे। जबकि उन्होंने भरोसा दिया था कि वह मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से उनकी वार्ता कराएंगे। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से सिद्धू की कोठी के बाहर शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं, लेकिन उनकी सुध नहीं ली जा रही है। इसलिए उन्होंने सिद्धू की कार को घेरा। उन्होंने बताया कि नववर्ष पर उन्हें सिद्धू से अपनी मांगें हल करवाए जाने की उम्मीद थी।
सुरक्षाकर्मियों पर बदसुलूकी का आरोप
प्रदर्शनकारी नर्स ने आरोप लगाया कि सिद्धू के दस्ते में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ बदसुलूकी की। उनके साथ अभद्र भाषा में बात की। धक्कामुक्की भी की और सिद्धू यह सब चुपचाप देखते रहे। कर्मचारी नेता सतिंदर कौर ने बताया कि सिद्धू की गाड़ी से टकराकर नर्स अमनदीप चोटिल हुई है। उसे गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना से गुस्साई नर्सों व अन्य कर्मचारियों ने पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल से नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
डीसी बोले - सिद्धू की गाड़ी टच तक नहीं हुई, सीसीटीवी फुटेज मौजूद
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर परमिंदर सिंह का कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हमने सीसीटीवी फुटेज जांची है। सिद्धू की गाड़ी उनसे टच तक नहीं हुई है। जब नवजोत सिद्धू घर से निकले तो प्रदर्शनकारी उनकी गाड़ी के सामने आ गए थे, जिन्हें हमारी फोर्स ने किनारे कर दिया।