बटाला में नेशनल लेवल कबड्डी खिलाड़ियों पर फायरिंग, एक घायल, डिप्पर मारने पर हुआ विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बटाला के गांव जोहल नंगल में कार सवार दो कबड्डी खिलाड़ियों पर ट्रैक्टर पर सवार दो भाइयों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली सुखराज सिंह के घुटने पर लगी। उसे बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। फायरिंग का कारण केवल यह था कि कार सवारों ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर को डिप्पर मार दिया था।
इससे नाराज ट्रैक्टर सवार दोनों भाई गाली गलौच करने लगे और बाद में उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। घायल का आरोप है कि आरोपी जाते समय उनकी कार की चाबी और उसका मोबाइल भी ले गए।
अस्पताल में उपचाराधीन सुखराज सिंह निवासी जोड़ा सिंघा ने बताया कि वह अपने दोस्त गुरकमलजीत सिंह के साथ कार से घर जा रहा था। गुरकमलजीत सिंह कार चला रहा था। गांव जोहल नंगल में सामने से आ रहे ट्रैक्टर को उन्होंने डिप्पर मारा, लेकिन ट्रैक्टर पर सवार दो भाइयों ने आगे ट्रैक्टर रोक लिया और उनसे गाली-गलौच करने लगे। जब उन्होंने कार से उतरकर आरोपियों से ट्रैक्टर न हटाने और गाली गलौच करने के बारे में पूछा तो आरोपी कहने लगे कि आप ने डिप्पर क्यों मारा, हम अपना ट्रैक्टर नहीं हटाएंगे।
सुखराज ने कहा कि दोनों आरोपियों ने शराब पी रखी थी। तैश में आकर एक युवक ने अपनी पिस्तौल निकाली और गोलियां चलानी शुरू कर दी। उसने करीब 5 फायर किए, जिसमें से 4 फायर कार में लगे, जबकि एक गोली उसके घुटने से आर-पार हो गई। वह कार वहीं पर छोड़कर पास ही स्थित अपने घर की ओर चले गए।
जब वह परिवार व बाकी लोगों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे तो उनकी कार की चाबी और कार में चार्जिंग पर लगा मोबाइल गायब था। सुखराज सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर सवारों में से एक पूर्व फौजी है। इन लोगों के साथ उनकी कोई रंजिश नहीं थी। डीएसपी विपिन कुमार ने बताया कि पीड़ित सुखराज और गुरकमलजीत नेशनल लेवल के कबड्डी प्लेयर हैं। आरोपी दलबीर सिंह और उसके भाई बलजीत सिंह निवासी भाईका के खिलाफ हत्या का प्रयास करने और असलहा एक्ट के मामला दर्ज कर लिया गया है।