अमृतसर: लुटेरे गिरोह के आठ लोगों को पुलिस ने पकड़ा, दो पिस्तौल, चार मैगजीन व पांच कारतूस बरामद
अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आठ लुटेरों को धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से हथियार भी मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कमिश्नरेट पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। छेहरटा थाने की पुलिस ने सूचना के बाद एडीसीपी जुगराज सिंह की देखरेख में 26 और 27 दिसंबर की मध्यरात्रि नाखांवाले बाग में दबिश देकर इनको गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्तौल, चार मैग्जीन, पांच जिंदा कारतूस, किरपान, दातर और बेसबाल बरामद किए हैं। इनके खिलाफ थानों में लूटपाट करने, हत्या का प्रयास और छीना-झपटी करने के मामले दर्ज हैं। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल ने दी।
एडीसीपी जुगराज सिंह ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बटाला के सिविल लाइन इलाका के गांव झाड़ियां के अमनप्रीत सिंह उर्फ आंडा, गुरदासपुर जिला के थाना किला लाल सिंह के गांव दालम नंगल के अजय और लवप्रीत सिंह उर्फ लव और राहुल और गुरदासपुर के बटाला में थाना कोटली सूरत मल्लियां के दीपक सिंह उर्फ दीपू, बटाला में थाना सेखवां के गांव वडाला ग्रंथियां के मलकीत सिंह उर्फ बिल्ला और गुरदासपुर के ही थाना कोटली सूरत मल्लियां के गांव राए चक के सुखसाहिबजीत सिंह के रूप में बताई है।
एडीसीपी सिंह ने बताया कि यह आरोपी पिछले कई दिनों से बटाला शहर के बाहरी इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। छेहरटा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने पूछताछ के दौरान शहर और शहर के बाहरी इलाके में पिछले दिनों कई अन्य लूट की वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई है।
आरोपी अमनप्रीत एक माह पहले दिल्ली से लाया था दो पिस्तौल
अमनप्रीत सिंह एक माह पहले जग्गू भगवानपुरिया और रावल सिंह के कहने पर दो पिस्तौल लेकर आया था। यह आरोपी जग्गू भगवानपुरिये के इशारे पर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
यह हैं इनके खिलाफ दर्ज केसों का ब्योरा
- करीब 15-20 दिन पहले बटाला-जालंधर रोड पर स्थित जोहल अस्मपताल के निकट वैबर्ज के बाहर गोलियां चलाई
- एक माह पहले थाना रंगड़-नंगल इलाका में कॉलेज की प्रधानगी को लेकर गोलियां चलाई, जिसमें एक व्यक्ति जख्मी हुआ
- करीब 25 दिन पहले बटाला-अमृतसर हाईवे पर वीएमएस कॉलेज के पास पिस्तौल के दम पर एक कार लूटी
- करीब 15 दिन पहले पिस्तौल के दम पर रमदास डेरा बाबा नानक इलाका में रात करीब 9 बजे ठेका पर लूट की वारदात को अंजाम दिया
- करीब 10 दिन पहले फतेहगढ़ चूड़ियां से पिस्तौल के दम पर एक डॉक्टर से 16 हजार रुपये लूटे