Amritsar News: फोटो खिंचवाने से किया मना तो फोटोग्राफरों ने श्रद्धालुओं को पीटा, हेरिटेज स्ट्रीट की घटना
आरोपी फोटोग्राफरों ने उक्त चारों श्रद्धालुओं को घेर लिया और फोटोग्राफी करने की बात कहकर उन्हें पोज देने को मजबूर करने लगे। श्रद्धालुओं ने उन्हें कहा कि वे फोटो नहीं खिंचवाना चाहते। इसके बाद दो फोटोग्राफर उनसे झगड़ा करने लगे।
विस्तार
सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के पास हेरिटेज स्ट्रीट में शनिवार रात कुछ फोटोग्राफरों ने चार श्रद्धालुओं को पीट दिया। फोटो खिंचवाने पर हुए विवाद में युवकों के साथ हो रही मारपीट में उन्हें किसी ने छुड़वाने का प्रयास नहीं किया। बताया जा रहा है कि कुछ फोटोग्राफर युवकों को फोटो खिंचवाने के लिए कह रहे थे। इनकार करने पर फोटोग्राफर उनके साथ झगड़ा करने लगे।
कोतवाली थाने के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि 15 अज्ञात फोटोग्राफरों पर मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हेरिटेज स्ट्रीट में चौक फव्वारा के पास अक्सर फोटोग्राफर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के फोटो खींचने के लिए बैठे रहते हैं।
आरोपी फोटोग्राफरों ने उक्त चारों श्रद्धालुओं को घेर लिया और फोटोग्राफी करने की बात कहकर उन्हें पोज देने को मजबूर करने लगे। श्रद्धालुओं ने उन्हें कहा कि वे फोटो नहीं खिंचवाना चाहते। इसके बाद दो फोटोग्राफर उनसे झगड़ा करने लगे।
कुछ ही पलों में वहां 14-15 फोटोग्राफर इकट्ठा हो गए और चारों श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उन पर लोहे के कड़े से हमला कर चारों को जख्मी कर दिया और उनके कपड़े तक फाड़ डाले। हेरिटेज स्ट्रीट में फोटोग्राफरों की ओर से श्रद्धालुओं की गई मारपीट का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
श्रद्धालुओं से मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करे पुलिस: धामी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं की पिटाई के मामले में कहा है कि पुलिस को दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए। कुछ फोटोग्राफरों ने ऐसा जघन्य कृत्य किया है, जो भी लोग दोषी हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। श्री हरमंदिर साहिब के पास श्रद्धालुओं से लूटपाट बेहद चिंताजनक हैं। पुलिस को इन पर नकेल कसनी चाहिए। निहंग जत्थेबंदी बुढ्ढा दल के मुखी बाबा बलबीर सिहं ने घटना की निंदा की है।