आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
सीएम योगी ने की भूमि आवंटन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारी निलंबित
सीएम योगी ने भूमि आवंटन अनियमितता में हुई बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया हैे। तीनों पर मुकदमा दर्ज करने का भी आदेश जारी हुआ है। यह घाेटाला मेरठ के बिसौला में हुआ था। यहां ग्रामसभा की जमीन अवैध ढंग से आवंटित की गई थी। बंदोबस्त अधिकारी राकेश कुमार, चकबंदी अधिकारी प्रभाकर और चंकबंदी लेखपाल संजीव चौहान चकबंदी को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज होने के साथ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पंचायत चुनाव : प्रत्याशी तय करने में जुटे सियासी दल, भाजपा और सपा में सबसे ज्यादा दावेदार
पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर जहां सियासी दल प्रत्याशियों को समर्थन देंगे, वहीं जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में पार्टियां पूरी ताकत लगा देंगी। जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों के नाम पर मंथन शुरू हो गया है। पुराने चेहरों के अलावा इस बार कुछ नये चेहरे भी मैदान में हो सकते हैं। इन हालात में जातिगत आंकड़े, क्षेत्र में प्रभाव के साथ ही सिफारिशों के बीच पार्टियों के लिए प्रत्याशियों का चयन आसान नहीं होगा।
मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: तीन सिपाही की मौत, दो की हालत गंभीर, मेरठ के लिए रेफर
मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर-शाहपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में तीन सिपाहियों की मौत हो गई, जबकि दो को गंभीर अवस्था में मेरठ रेफर किया गया है। मंसूरपुर थाने पर तैनात सिपाही अजय निवासी गांव जावली थाना लोनी जिला गाजियाबाद, सिपाही प्रदीप निवासी खंजरपुर थाना मोदीनगर जिला गाजियाबाद, सिपाही प्रवेश निवासी पिलखुवा जिला हापुड़, सिपाही नरेश निवासी फफराना मोदीनगर जिला गाजियाबाद और सिपाही महेंद्र निवासी रहमतपुर ओमना थाना खानपुर जिला बुलंदशहर मंगलवार दोपहर के बाद मंसूरपुर थाने से वैगनआर कार में सवार होकर शाहपुर रोड पर स्थित सोहजनी तगान पुलिस चौकी पर जा रहे थे। वहीं पुलिस चौकी से पहले ही उनकी वैगनआर कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
मुजफ्फरनगर : खतौली में तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, पंचायत चुनाव के मद्देनजर बनाए जा रहे थे अवैध असलहा
मुजफ्फरनगर में खतौली थाना क्षेत्र के गांव अतरपुरा व ढिंढावली में चल रही अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से बने-अधबने तमंचे, पार्ट्स व उपकरण बरामद किए हैं।
मेरठ में कोरेाना से वृद्धा की मौत, दो दिन में 37 मरीज मिले
मेरठ में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो दिन में 37 नए मरीज मिले हैं। होली के कारण पिछले दो दिनों में मात्र 3671 सैंपलों की जांच हुई है। अब त्योहार के बाद संक्रमण का असर बढ़ने का अंदेशा है।
कैंपस आने का झंझट खत्म, घर पहुंचीं ढाई लाख की डिग्री
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से संबद्ध कॉलेजों में प्राइवेट और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की 2017 और 2019 की ढाई लाख डिग्रियां कोरियर से घर पहुंच गई हैं। 2018 की डिग्री भी डाटा मिलते ही भेजी जानी शुरू हो जाएंगी। रेग्युलर छात्रों की तीनों साल की डिग्री भी कॉलेजों में भेजी जा चुकी हैं। बीएड और एलएलबी की डिग्री के लिए विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
... Read More