अमेरिका में सात हजार उड़ानें प्रभावित: एफएए सिस्टम ठप होने पर साइबर अटैक और एआई की आशंका; जांच में क्या मिला?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 14 Nov 2026 10:06 AM IST
सार
  • अमेरिका में सात हजार उड़ानें प्रभावित।
  • एफएए सिस्टम में तकनीकी खराबी।
  • साइबर हमले का नहीं मिला सबूत।
  • 3,500 से ज्यादा विमान हवा में थे।
US FAA Flight Ground Stop Caused by Telecom Glitch, Not Cyberattack or Rogue AI
अमेरिका में एफएए उड़ानें हुईं ठप - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    टेक्नोलॉजी और एविएशन सेक्टर से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका में टेलीकम्युनिकेशन मं अचानक आई एक गंभीर तकनीकी खराबी की वजह से फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) को देश भर में उड़ानों पर रोक यानी की ग्राउंड स्टॉप लगाना पड़ गया। इस बड़ी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से लगभग सात हजार उड़ानें या तो देरी से चलीं या पूरी तरह रद्द करनी पड़ीं। हालांकि, शुरुआती जांच में अमेरिकी अधिकारियों ने साफ किया है कि यह किसी साइबर हमले या रोग एआई यानी की किसी खतरनाक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वजह से नहीं हुआ है, बल्कि पुराने पड़ चुके टेलीकम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से हुआ है।

    क्या था मामला और क्या बोले होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी?

    • यूएस होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने साफ किया कि अधिकारियों को अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि टेलीकम्युनिकेशन की इस खराबी के पीछे कोई साइबर हमला या खतरनाक एआई था। जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या वह 100 प्रतिशत यकीन के साथ ऐसा कह सकते हैं, तो उन्होंने बताया कि अभी तक मिले सबूत पूरी तरह से तकनीकी खराबी (mechanical failure) की ओर इशारा कर रहे हैं, हालांकि जांच अभी भी जारी है। इसलिए ऐसा किस कारण हुआ, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
    • मुलिन ने कहा कि अभी कुछ भी पूरी तरह से निश्चित नहीं है और उन्होंने अपनी टीमों को सक्रिय कर दिया है क्योंकि यह एक राष्ट्रीय इमरजेंसी जैसा मामला है। उन्होंने साइबर हमले के संकेत न मिलने का कारण बताते हुए कहा कि प्रभावित सिस्टम में कोई भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि नहीं दिखी, न ही किसी ने इसकी जिम्मेदारी ली और न ही सिस्टम में घुसपैठ का कोई सुराग मिला है। आमतौर पर साइबर हमलों में लोग आगे आकर जिम्मेदारी लेते हैं, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं है।