सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
पश्चिमी यूपी में 41 की मौत, 3060 संक्रमित
पश्चिमी उप्र के छह जिलों में बृहस्पतिवार को कोरोना से 41 की मौत हो गई, बिजनौर सांसद मलूक नागर समेत 3060 नए मरीज मिले हैं। मेरठ में 17, सहारनपुर में छह, बिजनौर और शामली में चार-चार, मुजफ्फरनगर में दो और बागपत में आठ की मौत हो गई। मेरठ में 923, मुजफ्फरनगर में 892, बिजनौर में 674, सहारनपुर में 335, बागपत में 152 और शामली में 84 नए केस मिले हैं।
कोरोना संक्रमित है मुल्जिम तो दूर हट जाती है पुलिस
अपराधी या फिर किसी मुकदमे का नामजद आरोपी हो, उसे पकड़कर जेल भेजना पुलिस के सामने चुनौती बना हुआ है। मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने से पहले आरोपी का कोरोना टेस्ट अनिवार्य हो गया है। पुलिस आरोपी को मेडिकल के लिए जिला या मेडिकल अस्पताल में लाती है। आरोपी कोरोना संक्रमित है, इतना सुनते ही पुलिसकर्मी दूर हट जाते हैं। कई बार तो पुलिस आरोपी को अस्पताल में ही छोड़कर चली गई। ऐसे कई मामले जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में देखने को मिले हैं। पुलिस भी अपराधी और नामजद आरोपियों को पकड़ने से दूरी बना रही है, ताकि खुद को सुरक्षित रखा जा सके। अब पुलिस की दबिशें भी कम हैं।
मेरठ मंडल में आरटीपीसीआर जांच में 42 फीसदी पहुंची संक्रमण दर
पश्चिमी यूपी के शहरी क्षेत्रों में क्या कोरोना संक्रमण पीक की तरफ पहुंच रहा है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि गुरुवार को आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में 42 फीसदी सैंपल कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। एंटीजन जांच में सिर्फ सात फीसदी ही संक्रमित मिले हैं। मेरठ मंडल में कुल संक्रमण दर बीस फीसदी है। अभी कोरोना संक्रमण के ज्यादा मामले शहरी क्षेत्रों के हैं, ग्रामीण इलाकों में अभी संक्रमण बढ़ने का अंदेशा बना हुआ है।
मानवता हुई तार-तार, तीन घंटे तक सीएचसी में पड़ा रहा शव
मेरठ के बहसूमा में हस्तिनापुर सीएचसी में तीन घंटे तक शव पड़ा रहा। स्वास्थ्य विभाग संवेदनहीन बना रहा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस को जानकारी दी गई। थाने पहुंचकर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और कार्रवाई से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि बीमारी से मौत हुई है।
मुजफ्फरनगर में ऑक्सीजन की कमी से महिला की मौत
अपनी मां की जिंदगी बचाने के लिए 13 साल का बेटा ऑक्सीजन सिलिंडर पाने के लिए लंबी लाइन में लगा रहा। वह सिलिंडर लेकर घर पहुंचा तो ऑक्सीजन की आस में उसकी मां की सांसें थम चुकी थी। घर पर मां के शव को देखकर वह बिलख पड़ा। सुबह महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
भाजपा विधायक संगीत सोम के बाद अब परिवार के तीन और सदस्य संक्रमित
मेरठ में सरधना क्षेत्र से भाजपा विधायक संगीत सोम के परिवार के तीन सदस्य और कोरोना संक्रमित मिले हैं। विधायक की मां शीला देवी, छोटे भाई और उसकी पत्नी को संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले विधायक और उनका बेटा भी संक्रमित मिल चुके हैं।
व्यापारी की हत्या मामले में मास्टरमाइंड बेटे सहित तीन को भेजा जेल
मेरठ में कोयला व्यापारी अरुण कुमार जैन की हत्या के मामले में आरोपी बेटे आयुष और दो शूटरों को गुरुवार को जेल भिज दिया है। बेटा प्रेमिका से शादी करने की जिद पर अड़ा था और पिता उसकी शादी दूसरी लड़की से करना चाहते थे। इसे लेकर पिता-पुत्र में विवाद रहता था।
मुजफ्फरनगर में कोविड जांच केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की टीम से अभद्रता, फिर तोड़फोड़
मुजफ्फरनगर के खतौली में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए कोविड जांच केंद्र पर एंटीजन किट खत्म होने से नाराज लोगों ने जांच करने वाली टीम के साथ अभद्रता करते हुए तोड़फोड़ की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
भूखे-प्यासे ऑक्सीजन लेने के लिए लगी कतार
मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में लगातार हो रही मौतों के कारण कोरोना से पीड़ित लोग अधिकतम होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के लिए ऑक्सीजन गैस की अलग से कोई व्यवस्था नहीं की है। नतीजतन घरों में लोग ऑक्सीजन कम होने से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। वहीं बीमार परिजनों को ऑक्सीजन से प्राणवायु देने के लिए तीमारदारों के लाइन में सांस फूल रहे हैं। 12 से 20 घंटे तक लाइन में लगना पड़ रहा है। अधिकारियों के दूसरे जिलों में ऑक्सीजन की सप्लाई दे देने से जनपद के लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है। होम आइसोलेशन में रह रहे बीमारों के लिए प्रशासन की तरफ से अलग से कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
... Read More