लोकसभा चुनाव 2019 के सातवें चरण के मतदान की अधिसूचना आज जारी होगी। वाराणसी समेत सात जिलों में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसके लिए रविवार की रात तक कलेक्ट्रेट परिसर में तैयारी पूरी की गई। वहीं काशी विद्यापीठ औक बीएचयू के छात्रों द्वारा नामांकन स्थल पर मतदान जागरुकता के लिए चित्र उकेरे गए। नामांकन को लेकर प्रत्याशियों को कुछ नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा उनका नामांकन रद्द होने के साथ ही एफआईआर भी दर्ज हो सकती है। पढ़ें आगे की स्लाइड्स में...
जिले की वाराणसी और चंदौली लोकसभा सीट के लिए आज से नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। वाराणसी लोकसभा का नामांकन रायफल क्लब और चंदौली लोकसभा के लिए नामांकन चंदौली जिला मुख्यालय पर होगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीसी कैमरे से की जाएगी और वीडियो रिकार्डिंग भी होगी। नामांकन स्थल के 100 मीटर परिधि में प्रत्याशियों के दो वाहन अनुमन्य होंगे और प्रत्याशी के साथ चार प्रस्तावक ही नामांकन कक्ष तक जा सकेंगे। जिला मुख्यालय में 22 अप्रैल से सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
नामांकन प्रक्रिया में 27 अप्रैल को और 28 अप्रैल को रविवार होने के कारण नामांकन नहीं दाखिल किए जा सकेंगे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेटिंग कर सुरक्षा मानकों को तय कर दिया गया है। रविवार की रात जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का निरीक्षण किया। सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों का वितरण के साथ प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
लोकसभा चुनाव में नामांकन करने के लिए बैंक चालान जमा करने के साथ ही अलग खाता खोलना होगा। चालान जमा करने और बैंक खाता खोलने वालों को ही नामांकन पत्र दिया जाएगा। इसमें सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को 25 हजार और आरक्षण वर्ग के उम्मीदवारों को 12 हजार 500 रुपये का चालान जमा करना होगा।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए कराए जा रहे प्रशिक्षण में अनुपस्थित कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में जिला निर्वांचन अधिकारी ने कर्मचारियों को चेतावनी जारी की है।