शामली में भजन गायक अजय पाठक सहित परिवार के सदस्यों की हत्या के खुलासे से असंतुष्ट उनके परिजन-रिश्तेदारों की मांग पर एसपी ने एसआईटी का गठन कर दिया है। इसमें एक्सपर्ट पुलिस कर्मियों को शामिल किया है, जो इस केस की जांच करेंगे।
शामली गायक मर्डर केस: खुलासे पर सवाल बरकरार, अब जांच के लिए एसआईटी का गठन
हत्याकांड का पुलिस द्वारा जो खुलासा किया गया, उस पर अजय पाठक के परिजन और उनकी पत्नी के मायके वाले संतुष्ट नहीं है। खासतौर से करनाल निवासी अजय के सालों को खुलासे पर बेहद आपत्ति है।
इसी के चलते उन्होंने बृहस्पतिवार को अंतिम यात्रा के दौरान भागवत के शव को बीच सड़क रख कर जाम लगा दिया था। यहां पहुंचे पुलिस अफसरों पर सवाल दागे थे और एसआईटी से जांच कराने की मांग उठाई थी।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि एसआईटी गठित कर दी गई है। एएसपी राजेश श्रीवास्तव के निर्देशन और सीओ सदर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआईटी काम करेगी। एसआईटी में आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह मुख्य विवेचक रहेंगे। शामली कोतवाली के उपनिरीक्षक सुशील त्यागी विवेचना एक्सपर्ट हैं जो सह विवेचक होंगे।
इसके अलावा सर्विलांस प्रभारी जोगेंद्र सिंह और मुजफ्फरनगर जिले की फोरेंसिक टीम के प्रभारी इसमें शामिल होंगे। एसआईटी द्वारा घटना के वैज्ञानिक, अभिलेखीय साक्ष्य संकलित किए जाएंगे। तथ्यों का वैज्ञानिक परीक्षण करेंगे और प्रतिदिन की कार्रवाई से एएसपी और उन्हें अवगत कराएंगे। एसपी ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर ही इसका गठन हुआ है। पुलिस का पूरा प्रयास होगा कि केस में सभी तथ्यों पर काम हो।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/