मेरठ में कैंटीन संचालक के मकान में डकैती व बेटे का अपहरण करने वाले पांचों आरोपी नेपाल के रहने वाले हैं। एक माह पहले नौकरी पर लगे नेपाली गैंग के नौकर छोटू ने सनसनीखेज वारदात की पटकथा एक माह पहले ही लिखी और उसे शनिवार को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिलवाया।
यूपी: घर के नौकर ने लिखी थी छात्र के अपहरण की पटकथा, नेपाली गैंग ने फिल्मी अंदाज में की वारदात
पुलिस पूछताछ में नौकर परवेज उर्फ छोटू और पकड़े गए बदमाश ने वारदात की प्लानिंग के बारे में बताया कि उनकी योजना मालिक के बेटे केशव का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती वसूलना था। छोटू को पता था कि उसका मालिक (अनिल मित्तल) शनिवार को मालकिन और बड़े बेटे के साथ मथुरा जाएगा जबकि छोटा बेटा केशव अकेला रहेगा।
केशव को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देने के बाद नौकर के इशारे पर चारों बदमाश साथी घर पहुंच गए। केशव को घर की छत पर ही इसलिए बंधक बनाकर रखा क्योंकि बाहर कहीं रखने पर खतरा हो सकता था। घर में मौजूद रहने पर नौकर पर किसी को शक नहीं जाएगा। वह परिवार और पुलिस की सारी गतिविधियों पर नजर रखेगा।
धरी रह गई नेपाली गैंग की फूलप्रूफ प्लानिंग
इस नेपाली गैंग ने प्लानिंग तो फूलप्रूफ बनाई। लेकिन तकनीक के आगे मात खा गए। वह केशव के टैबलेट को इसलिए लेकर गए कि जरूरत पड़ने पर केशव की परिजनों से बात करा सकें। लेकिन पता नहीं था कि उसमें लोकेशन का एप डाउनलोड है। बदमाश उस समय तक आसपास ही थे, जिसके सहारे चचेरा भाई वहां तक पहुंच गया। हालांकि पुलिस का सर्विलांस सिस्टम भी केशव को ढूंढ निकालता। लेकिन उससे पहले ही बदमाश सलाखों के पीछे पहुंच गए।
अपहरण की गूंज लखनऊ तक, दौड़े अधिकारी
व्यापारी के बेटे के अपहरण की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई। एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ ब्रह्मपुरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बेटा सकुशल बरामद होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। जिन्होंने अन्य तीनों आरोपियों के नाम पते बता दिए।