मेरठ में लंदन से आए दंपती और नौ साल के बच्चे समेत चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से नए कोविड का खौफ तारी है। एक तरफ जहां इस मामले के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं देर रात जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की बैठक हुई।
मेरठ में नए कोविड का खौफ, सेंट्रल लैब भेजे जाएंगे लंदन से आए संक्रमितों के सैंपल, कंटेनमेंट बना क्षेत्र
सीएमओ ने बताया कि शहर के टीपी नगर के संत विहार मोहले में ब्रिटेन से आए एक परिवार के दंपत्ति और उनका बेटा कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन्हें सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनके लिए वहां अलग से वार्ड बनाया गया है। अंदेशा है कि इन्हें कोरोना का दूसरा स्ट्रेन हो सकता है। इसकी जांच के लिए इनका सैंपल दिल्ली भेजा गया है।
विदेश से आने वाली एक और युवती (28) मेरठ में कोरोना संक्रमित मिली हैं। टीपी नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली हैं। जो 13 दिसंबर की रात को यूनाइटेड किंगडम के बोरिक शहर से आई हैं।
63 लोग और मिले संक्रमित
शुक्रवार को हुई जांच 63 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब 20402 पहुंच गई है, जबकि कोरोना से 390 लोगों की मौत अब तक हो चुकी है।
संत विहार मोहले में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए यहां बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। न कोई अंदर से बाहर आ सकता है न कोई व्यक्ति बाहर से अंदर गली में प्रवेश कर सकता है।
अलग वार्ड में रखा जाएगा
कोरोना संक्रमित मिले दंपती को अलग कोविड वार्ड में रखा जाएगा। बच्चे को भी अलग वार्ड में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 5 सदस्यों की एक टीम गठित की गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने विदेश से आए सभी लोगों से बातचीत की और परिवार के किसी सदस्य से नहीं मिलने व लक्षण या परेशानी होने पर कंट्रोल रूम पर अवगत कराने के निर्देश दिए।
मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए
लल्लापुरा स्थित आसपास के इलाके को लेकर सैनिटाइजेशन के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। यहां अलग से एक मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा इनके संपर्क में आए लोगों को भी ट्रेस किया जा रहा है। उधर डीएम के. बालाजी ने विदेश से आए 77 लोगों की 28 दिनों तक निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है उन पर भी नजर रखी जाएगी।