मेरठ के राधना गांव से पकड़े गए संदिग्ध आतंकी नईम से एनआईए लगातार पूछताछ कर रही है। एनआईए की टीम बम निरोधक दस्ता के साथ शनिवार को नईम को लेकर राधना गांव पहुंची और उसके साथियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान गांव के रास्तों को सील कर दिया गया। हालांकि कई घंटों की पूछताछ के बाद एनआईए की टीम नईम को लेकर वापस लौट गई।
NIA ने नईम से राधना गांव में कई घंटों तक की पूछताछ, देखिए तस्वीरें
बता दें कि नईम दस दिनों की रिमांड पर एनआईए के पास है। माना जा रहा है कि नईम पूछताछ में कई बड़े खुलासे कर सकता है। एनआईए की टीम नईम से गहनता से पूछताछ कर रही है।
शनिवार सुबह एनआईए की टीम 15 गाड़ियां लेकर किठौर पुलिस स्टेशन पहुंची, जहां से कुछ देर पूछताछ के बाद 20 से भी ज्यादा लोगों की टीम उसे लेकर राधना के लिए रवाना हो गई। टीम ने गांव में पहुंचकर लोगों से काफी जानकारियां जुटाई।
इस दौरान एनआईए की टीम के साथ सीआरपीएफ के जवानों की एक टुकड़ी भी शामिल थी। बताया जा रहा है कि टीम यहां यह जानकारी हासिल करना चाहती थी कि संदिग्ध आतंकी नईम ने राधना में और किन- किन लोगों को हथियार सप्लाई किए थे।
गौरतलब है कि अदालत ने आईएस से प्रेरित आतंकी संगठन हरकत उल हर्ब-ए-इस्लाम के सदस्यों को हथियार मुहैया करवाने के आरोपी नईम से पूछताछ के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को दस दिन की रिमांड पर दिया है। आरोपी को एनआईए ने गुरुवार रात मेरठ से गिरफ्तार किया था।
बता दें कि इससे पहले 26 दिसंबर 2018 को एनआईए की टीम ने किठौर के राधना में छापेमारी की थी लेकिन इस दौरान नईम टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/