मेरठ में ब्रह्मपुरी थाने से सटे पूर्वा इलाही बख्श स्थित हरिनगर मोहल्ले में दो वर्गों में हुए बवाल के मामले में सोमवार को दो मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें पूर्व पार्षद सहित 51 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 12 अज्ञात हैं। पहले मुकदमे में एक वर्ग के 41 लोग नामजद कराए गए हैं, जबकि दूसरे मुकदमे में दोनों वर्गों के 10 लोग नामजद किए गए हैं। पुलिस ने फुरकान और मोइन गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तनाव के हालात के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। एसपी सिटी ने आरएएफ और थाना पुलिस को लेकर गलियों में पैदल रूट मार्च निकाला।
मेरठ बवाल : पूर्व पार्षद समेत 63 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, दो आरोपी दबोचे, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
एफआईआर में लिखा गया है कि एक पक्ष के लोग रात्रि 8:30 बजे होली की सजावट करने में लगे थे, तभी नामजद आरोपियों ने हमला बोल दिया। वहीं, दूसरा मुकदमा भूमिया पुल पुलिस चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह ने लिखाया है। इसमें मोनू, अमित गुप्ता, यशपाल, अंकित सहित 10 नामजद हैं और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा करना, जानलेवा हमला, धमकी देना व सात क्रिमिनल एक्ट की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अलर्ट, स्थिति सामान्य
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि बवाल करने वालों पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई करेंगे। सीसीटीवी कैमरे देखकर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। दो मुकदमे दर्ज किए है। स्थिति सामान्य है।
16 सितंबर 2016 को भी हुआ था बवाल, धमकी के बाद भी गंभीर न हुई पुलिस
मुकदमे में कपिल गुप्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने धमकी दी थी कि 16 सितंबर 2016 को भी हमला किया था, उसके बाद भी नहीं सुधरे। हरिनगर में मिश्रित आबादी है। 16 सितंबर 2016 को भी दो वर्गों के लोगों में मारपीट और पथराव हुआ था, इसमें कई लोग घायल हुए थे। कई दिन तक पुलिस फोर्स तैनात रहा था। इस बवाल के बाद हरिनगर को अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल कर किया गया था। तीन महीने पहले कुआं पूजन के दौरान भी टकराव के हालत बने थे। इस दौरान कुछ लोगों ने धमकी दी थी कि हरिनगर में फिर बवाल होगा। इसके बावजूद भी ब्रह्मपुरी थाना पुलिस गंभीर नहीं हुई।
दोनों मुकदमे में यह हुए नामजद
कपिल गुप्ता की तहरीर पर भूरा, इंतजार, पूर्व पार्षद शहजाद मेवाती, सैफुद्दीन कपड़े वाला, सालिम, शादान, शहजाद, फराज, तौसिफ, लल्ला, मोईन, आदिल, आबिद, कामिल, रहीसुद्दीन, मोनू, अनस, शादाब, सलमान, तौहीद, बीला, आमिर हसन, शहजाद, फरमान, शहजाद, फराज, बिलाल, हसीन, आकिल, वकील, सालिक, शकील, गब्बर, समीर, हैदर अली, इब्राहिम, यूसुफ, इस्माइल, वसीम, शमीम कैंची वाले नामजद किए गए। वहीं, दूसरे मुकदमे में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मोलू, अमित गुप्ता, यशपाल, अंकित, सुहैल, मोईन, आदिल, आबिद, फुरकान और आकिल नामजद किए गए हैं।
हरिनगर में बवाल के बाद सतर्कता बढ़ाई, अफसरों ने सुरक्षा का जायजा लिया
मेरठ के ब्रह्मपुरी के हरिनगर में होली दहन से पूर्व दो वर्गों के बीच हुए बवाल के बाद सतर्कता बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा में लगी टीमें भी बढ़ा दी गई हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया है। आईजी प्रवीण कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बेगमपुल, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा समेत कई जगहों पर पुलिस और आरएएफ की टीमों के साथ पैदल घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।