मेरठ के मोदीपुरम में शराब के नशे में वीर सिंह के घर अपने भाई भोलू व अन्य साथियों को लेकर हिस्ट्रीशीटर रितिक पहुंचा। नशे में धुत आरोपियों के सिर पर जुनून सवार था। परिवार के सामने ही आरोपी दीपक के पेट में चाकू घोंपते रहे। इस दौरान परिजन बिलखते रहे और दीपक को छोड़ने की मिन्नते करते रहे। लेकिन, आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। चाकू से वार करने के दौरान आरोपी बोलता रहा उसे जेल जाने का डर नहीं है, वह जेल में ही रहकर आया है। उसे मारकर ही छोड़ेगा।
जिंदा नहीं छोडूंगा: चाकू से वार कर बोला आरोपी, जिंदगी की भीख मांगते रहे दीपक के परिजन, न पसीजा जल्लाद का दिल
खून से लथपथ दीपक व वीर सिंह को जमीन पर पड़ा छोड़कर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। बताया गया है कि दीपक के साथ उसका भाई संदीप भी रहता है, जो रात में दोस्तों के साथ गांव के बाहर खड़ा था। वहां संदीप की रितिक से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद रितिक अपने भाई व साथियों के साथ घर पहुंचा। हिस्ट्रीशीटर का इरादा संदीप की हत्या करना था। परंतु, संदीप के न मिलने पर आरोपियों ने दीपक चौहान की हत्या कर दी और वीर सिंह को चाकू मारकर घायल कर दिया। दीपक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पंचायत में एसपी सिटी के सामने बोले ग्रामीण, आरोपियों के घर चले बुलडोजर
दीपक चौहान की हत्या के बाद आरोपियों के घर में ग्रामीणों ने आगजनी की। इसके बाद एसपी सिटी पीयूष कुमार के सामने ठाकुर समाज के लोगों ने पंचायत की। पंचायत में ग्रामीणों ने एक राय होकर एसपी सिटी के सामने कहा कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। साथ ही मृतक परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। जब तक मांगे पूरी नहीं होगी शव को नहीं उठने दिया जाएगा। किसी तरह पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव से ही पकड़े आरोपी, जमकर की धुनाई
दीपक की हत्या के बाद आरोपियों के घर में ग्रामीणों ने आगजनी की। कुछ देर बाद ग्रामीणों को जानकारी लगी कि आरोपी रितिक व उसका भाई भोलू गांव में ही छिपे हैं। इस पर ग्रामीणों ने दोनों की तलाश की और उन्हें दबोच लिया। ग्रामीणों ने दोनों की जमकर धुनाई की। ग्रामीणों द्वारा आरोपियों की पिटाई किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। रितिक पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है और उस पर गैंगस्टर लगी हुई है। हाल ही में रितिक जमानत पर जेल से बाहर आया था।
मां बोली- बेटे की मौत का लूंगी बदला
दीपक की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीण व पुलिस अधिकारी परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों के सामने ही मां नीलम बोली कि बेटे की हत्या का बदला लूंगी। आरोपियों को छोडूंगी नहीं। उन्हें फांसी की सजा दिलाकर ही रहूंगी। वहीं, पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी रोते हुए बार बार कह रही थी हत्यारों ने उसका सुहाग उजाड़ दिया। उसके पति की क्या गलती थी, जो उसकी हत्या की गई।