मेरठ में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की कवायद जारी है। कुख्यात योगेश भदौड़ा के बाद ब्रह्मपुरी पुलिस ने शराब माफिया रमेश प्रधान की 1.10 करोड़ की संपति जब्त कर ली है। पुलिस का दावा है कि रमेश ने अवैध शराब के कारोबार से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। आगे जानिए पूरा अपडेट-
अपराधियों पर शिकंजा: रमेश प्रधान की 1.10 करोड़ की संपति जब्त, ऐसे बना शराब माफिया
ब्रह्मपुरी पुलिस ने सोमवार को शराब माफिया रमेश प्रधान पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के साथ एसीएम प्रथम सुनीता सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय, एक प्लाटून पीएसी व पुलिस फोर्स रमेश के घर सूर्यापुरम पहुंचे। यहां पुलिस को रमेश की पत्नी आशा व उसके बच्चे मिले। पुलिस ने पत्नी और बच्चों को घर से निकाल कर मकान जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस आशा को लेकर दूसरे मकान मंगतपुरम गई। आशा ने घर से जरूरत का सामान निकाला और उसके बाद पुलिस ने उस मकान को भी जब्त कर लिया। रमेश की पांच गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि 17 जून को रमेश को दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर 500 लीटर अपमिश्रित शराब, दो किलो चरस और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि रमेश गिरोह बनाकर अवैध शराब सप्लाई करता है। ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर सुभाष अत्री इसके बाद से ही अवैध संपति को जब्त करने की प्रक्रिया कर रहे थे। एक सप्ताह पहले डीएम द्वारा इसके लिए नोटिस जारी किया गया था।
महिलाओं की लगी भीड़
रमेश के घर पर दबिश के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीम पर कई बार जानलेवा हमले भी हुए। सोमवार शाम पुलिस फोर्स जैसे ही रमेश के घर पहुंची तो महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने महिलाओं को चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई में विरोध किया तो उनके खिलाफ भी मुकदमे दर्ज होंगे। आशा ने महिलाओं से कहा कि वे अपने घर जाएं और पुलिस को कार्रवाई करने दें। इसके बाद पुलिस ने रमेश के घर को सील किया।
झुग्गी में रहा था रमेश
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि रमेश मूल रूप से बाराबंकी का रहने वाला है। करीब 16 साल पहले रमेश दिल्ली रोड पर मेवला पुल के पास झुग्गी बनाकर रहने लगा था। वह कूड़ा बीनता था।