उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए रूपक हत्याकांड ने हर किसी को हिलाकर रख दिया। चार दोस्तों ने अपने ही दोस्त की पहले गोली मारकर हत्या की और फिर लाश को टुकड़े टुकड़े कर ढाई सौ फीट गहरे बोरवैल में फेंक दिया।
मर्डर की खौफनाक कहानी: टुकड़े कर ढाई सौ फीट गहरे बोरवैल में फेंकी लाश, चार दोस्तों ने वारदात को दिया अंजाम
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के अनूपनगर फाजलपुर निवासी बीस वर्षीय नौजवान रूपक 25 जून को घर से लापता हो गया था। परिजनों के काफी तलाश किए जाने पर भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने पुलिस की मदद ली। पुलिस ने छानबीन शुरू की और पीड़ित परिवार द्वारा हत्या की आशंका के तहत उसके कुछ दोस्तों पर शक जताया। पुलिस ने रूपक के तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोस्त के मर्डर का खौफनाक सच्चाई सामने आई, जिसे जानकर परिवार सन्न रह गया।
बेटा तो नहीं रहा लेकिन परिजन टकटकी लगाएं हैं कि कब बेटे के शव के अवशेष बरामद हों और वे उसका अंतिम संस्कार कर सकें। उधर जिला प्रशासन ने रूपक के शव को निकलवाने के लिए 10 से 17 जुलाई तक लगातार ऑपरेशन चलाया गया था। 50 फीट तक पोकलेन मशीन से खुदाई की गई थी, लेकिन जमीन से पानी निकल आने के कारण ऑपरेशन रोक दिया गया था।