पंचायत में फायरिंग कर ग्रामीण की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना बागपत जनपद के रमाला थाना क्षेत्र में सूप गांव की थी।
पंचायत में विदेशी पिस्टल से चलाई थी गोलियां, मौत से मचा कोहराम, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूप गांव निवासी भूपेंद्र पुत्र यशपाल का अपनी पत्नी सोनिया से विवाद चल रहा है। उसने रविवार को शाम के समय अपने घर पर कुछ ग्रामीणों को सुलह समझौते के लिए बुलाया। मकान की छत पर पंचायत दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटी थी। सोनिया का फुफेरा भाई भगत सिंह, अमित, बुआ बिमला देवी निवासी कनियान जनपद शामली, उसका भाई अजीत निवासी कपूरगढ़ जनपद मुजफ्फरनगर भी मौजूद थे। सोनिया को लेकर भूपेंद्र और भगत सिंह के बीच विवाद होने लगा। भूपेंद्र ने पत्नी पर आरोप लगाए। भगत सिंह पंचायत में जबरन सोनिया को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। इसको लेकर विवाद बढ़ गया। पंचायत में मौजूद मोहकम सिंह, नौबाहर, राजीव, सुधीर, ओमवीर, धर्मेंद्र, जगदीश, उदयवीर ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।
महिला पक्ष के लोगों ने पंचायत में पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से भूपेंद्र पक्ष के मोहकम, राजीव, सुधीर व दूसरे पक्ष का भगत सिंह घायल हो गए। घायल मोहकम को बड़ौत सीएचसी में मृत घोषित कर दिया। मोहकम के बेटे मनिंद्र कुमार ने आरोपी सोनिया, उसकी बुआ बिमला देवी, फुफेरे भाई भगत सिंह और अमित, भाई अजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सोनिया, बिमला देवी, अजीत व भगत सिंह को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को घटना स्थल ने 7.65 बोर के पिस्टल के तीन खोले मिले हैं। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने आरोपियों की कार सेंट्रो को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
विधायक ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
सूप गांव में मोहकम की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घर पर शोक संवेदना देने वालों की भीड़ लगी हुई है। छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को शोक संवेदना प्रकट की और भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
आरोपियों पर होगी एनएसए की कार्रवाई
पंचायत में आरोपियों ने गोलियां बरसात कर गांव में दहशत फैला दी थी। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस एनएसए की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।