नई दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एनएच-24 पर बुधवार तड़के एक डंपर ने डिवाइड़र तोड़कर सड़क के दूसरी तरफ जा रही इनोवा को टक्कर मार दी। इसमें सवार कानून गोयान मेरठ निवासी एक ही परिवार के चार सदस्यों और चालक मौत हो गई। जबकि चार लोग जख्मी हो गए।
2 of 9
हादसे में मौत के बाद विलाप करते परिजन
पुलिस के अनुसार यह परिवार तेहरान (ईरान) से आए परिवार के दो सदस्यों को दिल्ली एयरपोर्ट से रिसीव कर मेरठ लौट रहा था।
पुलिस के मुताबिक मेरठ की कोर्ट के रिटायर्ड पेशकार केसर अब्बास जैदी के पुत्र कमर अब्बास जैदी (55), कमर की पत्नी अंजुम फातिमा जैदी (50), बेटा अजहर अब्बास जैदी (18), बेटी जूही जैदी (14) और इनोवा चालक मलियाना निवासी मेहराजुद्दीन (36) की इस हादसे में मौत हो गई।
सभी मोहल्ला कानून गोयान (चौड़ा कुआं) लाला का बाजार मेरठ के निवासी हैं। वहीं कमर अब्बास के छोटे भाई कल्बे अब्बास जैदी की पत्नी अंजुम फातिमा जैदी (42), कल्बे अब्बास का बेटा अली मोहम्मद जैदी (13), कमर का अकेला बचा बेटा अब्बास मेहंदी जैदी (16) व छोटे भाई सैय्यद अब्बास जैदी की बेटी लम्हा उर्फ सुकेना जैदी (7) घायल हैं। फातिमा की हालत गंभीर बनी हुई है।
कमर अपने दो भाइयों सैय्यद सईद अब्बास जैदी और अथहर (लड्डन) अब्बास जैदी के साथ मेरठ में ही रहते थे। इनका कपड़े का कारोबार है। कल्बे अब्बास दो दशक से अधिक समय से रेडियो तेहरान में नौकरी करते हैं। मंगलवार देर रात कल्बे की पत्नी अंजुम फातिमा जैदी और उनका बेटा अली मोहम्मद जैदी तेहरान से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे, जिन्हें लेकर यह लोग मेरठ आ रहे थे।