मेरठ के मोदीपुरम में मामूली विवाद में शनिवार को बड़े भाई ने छोटे भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। इस वारदात से जहां परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्यारोपी भाई के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश जारी है।
यूपी: बड़े भाई ने छोटे भाई को गला रेतकर उतारा मौत के घाट, इतनी सी थी विवाद की वजह
आरोप है कि कहासुनी के बाद राजेंद्र ने सतेंद्र (32) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। सतेंद्र की मौके पर मौत हो गई। लहूलुहान हालत में सतेंद्र को छोड़कर आरोपी बड़ा भाई राजेंद्र भाग निकला। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी लगने पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। मौके पर तीसरे भाई देवेंद्र को बुलाया। देवेंद्र ने पुलिस को जमीन के विवाद की जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो साल पहले भी हुआ था विवाद
थानाध्यक्ष इंचौली मनोज शर्मा के मुताबिक जमीन के विवाद को लेकर दो साल पहले भी भाइयों में विवाद हुआ था। उस दौरान सतेंद्र ने अपने भाई देवेंद्र पर गोली चला दी थी। जिसमें देवेंद्र घायल हुआ था। हालांकि समाज के लोगों ने भाइयों में फैसला करा दिया था। देवेंद्र को छोड़कर बाकी दोनों भाइयों की शादी नहीं हुई है। जमीन का यह मसला धीरे-धीरे खूनी विवाद में तब्दील हो गया।
रिश्तों को कर रहे कलंकित
जमीन के विवाद ने रिश्तों को भी कलंकित कर दिया। छह बीघा जमीन को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी, इसको लेकर स्थानीय लोगों में चर्चाएं हैं। इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है। हालांकि इससे पहले भी कई बार जमीन के विवाद में रिश्तों को कलंकित किया जा चुका है।
हत्यारोपी की तलाश
आरोपी राजेंद्र ने जमीन के विवाद को लेकर अपने छोटे भाई सतेंद्र की गला रेतकर हत्या की है। आरोपी हत्या के बाद फरार है। जिसकी तलाश चल रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। -मनोज शर्मा, एसओ इंचौली
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/