यूपी के महोबा जिला अस्पताल में एक रुपये का सिक्का हंगामे का कारण बन गया। लोगों को शांत कराने के लिए पुलिस को आना पड़ गया। जानें क्या है पूरा मामला...
जिला अस्पताल में प्रतिदिन एक हजार से 1200 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे है। शुक्रवार को पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगे मरीजों और उनके तीमारदारों ने एक रुपये निर्धारित सरकारी फीस के रूप में एक रुपये का छोटे सिक्का दिए। जिसे अस्पताल कर्मी ने लेने से मना कर दिया।
इससे नाराज मरीजों ने भारतीय रिजर्व बैंक का सिक्का न लेने पर हंगामा शुरू कर दिया और कर्मचारी पर मनमानी का आरोपी लगाया। सिक्का न लेने पर एक मरीज विजय शंकर निवासी नैकानापुरा ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने कर्मचारी से सिक्का न लेने का कारण पूछा तब कर्मचारी ने बताया कि मरीज तो छोटा सिक्का देकर पर्चा बनवा लेते है लेकिन वही सिक्का मरीजों को वापस करने पर वह दुकानों में न चलने की बात कहते हुए मना कर देते है।
पुलिस ने कर्मचारी को सिक्का लेने के निर्देश दिए। इस दौरान करीब एक घंटे तक पर्चा बनाने का काम प्रभावित रहा और मरीज परेशान रहे। उधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।