यूपी के हमीरपुर जिले की बहू दीपिका कक्कड़ इब्राहिम ने कलर्स चैनल के मशहूर शो बिग बॉस-12 के विजेता का खिताब जीतकर बुंदेलखंड का मान बढ़ा दिया है। दीपिका के धमाकेदार प्रर्दशन से हमीरपुर के लोगों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। भारी भरकम वोटों और व्यवहार के बल पर दीपिका ने बिग बॉस विजेता का मुकुट अपने सिर सजा लिया है।
शोएब अपनी पत्नी की इस सफलात से बेहद खुश हैं। आज उन्हें अपनी पत्नी दीपिका पर गर्व है। कलर्स चैनल के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक 'ससुराल सिमर का' में मुख्य भूमिका निभा चुकीं दीपिका पुणे शहर की रहने वाली हैं।
यूनिवर्सिटी ऑफ़ मुंबई से ग्रेजुएशन करने के बाद करीब तीन साल तक उन्होंने जैट एयरवेज़ में एयर होस्टेस की नौकरी की। स्वास्थ्य सही न होने की वजह से उनको यह नौकरी छोड़नी पड़ी जिसके बाद उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में कदम रखा।
दीपिका ने अपने करियर की शरुआत 'नीर भरे तेरे नैना' से की थी। इसके बाद वे 'अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो' धारावाहिक में रेखा का रोल करती नज़र आईं। लेकिन उनको लोकप्रियता 'ससुराल सिमर का' से प्राप्त हुई ।
इसी सीरीयल में उनकी मुलाकात शोएब इब्राहिम से हुई जिन्होंने दीपिका के साथ लीड कपल का रोल निभाया। शोएब हमीरपुर मौदहा कस्बे के तरौस निवासी मोहम्मद इब्राहिम के पुत्र हैं जो कुछ साल पहले भोपाल जाकर बस गए थे।