माता-पिता की मौत के बाद सिलाई सिखाकर जीवन यापन करने वाली लड़की को चाय में नशा देकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। मामला यूपी के औरैया जिले का है।
वारदात की चपेट में आई करीब 25 वर्षीय युवती शुक्रवार की सुबह औरैया के बिझाई गांव के नहर पुल के पास बेहोशी की हालत में पड़ी थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक होश में आने पर युवती ने बताया कि वह मूल रूप से अजीतमल क्षेत्र की रहने वाली है। माता-पिता के निधन के बाद करीब सात-आठ साल से दिबियापुर में रह कर सिलाई सिखाकर जीवकोपार्जन कर रही है। चार-पांच दिन पहले एक काम से एसपी कार्यालय गई तो दफ्तर के बाहर बिझाई गांव के सहाबुद्दीन उर्फ सोनू से मुलाकात हुई।
परिचयात्मक बातचीत में सिलाई सिखाने की जानकारी पर सोनू ने उसे अपने गांव में सिलाई-कढ़ाई सेंटर शुरू कराने का भरोसा दिया। स्थिति समझने के लिए उसके गांव पहुंची तो सोनू ने घर ले जाकर पत्नी से मिलवाया। साथ ही गांव के ही आजाद और उसकी पत्नी और अजय नाम के शख्स से भी मुलाकात कराई। महिलाओं से मुलाकात और काम जमा ले जाने का भरोसा होने पर वह गुरुवार को सिलाई-कढ़ाई सेंटर शुरू करने के इरादे से बिझाई पहुंची। सोनू ने कुछ फॉर्म भरना जरूरी बताते हुए उसे अजय के घर भेज दिया।
कुछ समय बाद सोनू भी वहां पहुंच गया। सभी ने साथ चाय पी लेकिन चाय पीने के बाद उस पर नींद का दबाव बढ़ने लगा। सिलाई सेंटर के लिए अन्य लड़कियों से मिलवाने की बात कह कर सोनू बाइक से कसहा गांव ले गया। कुछ देर बाद आजाद और अजय भी वहां पहुंच गए और तीनों ने दुष्कर्म किया। बेहोश हो जाने पर सड़क किनारे फेंक गए।
थाना प्रभारी ओमकार नाथ ने बताया कि सोनू, आजाद और अजय के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। मेडिकल के दौरान डॉक्टरों ने निजी अंगों पर चोट के निशान बताए। इसके बाद गहन परीक्षण के लिए स्लाइड कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजी गई है। शाम को एएसपी नेपाल सिंह व सीओ सिटी श्योदान सिंह ने भी युवती से मिलकर घटना के बारे में जानकारी ली। रात में पुलिस ने थाने लाकर कुछ लोगों से इस मामले में पूछताछ की।