केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं के शारीरिक रूप से अक्षम छात्रों को परीक्षा में बड़ी राहत दी है। ऐसे छात्र इस बार बोर्ड परीक्षा में कंप्यूटर या लैपटॉप का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए बोर्ड की तरफ से आधिकारिक आदेश जारी हो गया है।
विकलांग छात्रों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता की ओर से प्रमाणपत्र पेश करना होगा। इसमें प्रमुख कारण बताते हुए कंप्यूटर की सुविधा की सिफारिश की गई हो, तभी अनुमति मिलेगी। सीबीएसई की परीक्षा समिति ने अपनी हालिया बैठक में इस साल से विशेष जरूरत वाले छात्र-छात्राओं को रियायत देने संबंधी मुद्दे का समाधान कर दिया है।
इसके बाद जारी आदेश में कहा गया है कि कंप्यूटर का इस्तेमाल उत्तर टाइप करने, बड़े आकार के शब्दों में प्रश्नों को देखने और प्रश्न सुनने में किया जा सकता है। ऐसे छात्र जो इस सुविधा का लाभ लेना चाहेंगे, उन्हें अपने साथ फॉर्मेट किया हुआ लैपटॉप या कंप्यूटर लाना होगा। इसका उद्देश्य यह है कि कंप्यूटर या लैपटॉप में कोई ऐसा शैक्षणिक डाटा न हो, जिसका इस्तेमाल छात्र प्रश्नपत्र हल करने में कर सकें।
केंद्र व्यवस्थापक अपने स्तर पर जांच कर इसकी पुष्टि कर लेने के बाद ही इस्तेमाल की अनुमति देंगे। इसमें इंटरनेट का कनेक्शन भी नहीं होना चाहिए। छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए उत्तर के प्रिंट आउट पर कक्ष निरीक्षक इसकी पुष्टि करेगा। इसके अलावा बोर्ड ने रीडर प्रावधान को भी मंजूरी दी है। रीडर ऐसे मामलों में उपलब्ध कराए जाएंगे, जहां विशिष्ट छात्रों को कंप्यूटर या लैपटॉप की जगह प्रश्न पत्र पढ़ने की किसी व्यक्ति की आवश्यकता होगी।
कमेंट
कमेंट X