कानपुर में बार एसोसिएशन की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 24 अक्तूबर को डीएवी डिग्री कॉलेज में मतदान होना है। कुल 99 प्रत्याशी मैदान में है और 6516 मतदाता हैं। एल्डर्स कमेटी और पुलिस प्रशासन जहां मतदान की तैयारी में जुटा है। वहीं, मतदान से पूर्व आखिरी दिन सुबह से ही आज प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
Bar Association Elections: डीएवी कॉलेज में कल पड़ेंगे वोट, अध्यक्ष-महामंत्री पद पर 8-8 प्रत्याशी मैदान में
अध्यक्ष-महामंत्री पद पर आठ-आठ प्रत्याशी मैदान में
अध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार शुक्ला, इंदीवर बाजपेई, सर्वेश कुशवाहा, संदीप सिंह, रामेंद्र सिंह कटियार, प्राणनाथ मिश्रा, सुरेंद्र कुशवाहा, बृज किशोर शुक्ला मैदान में हैं। वहीं महामंत्री पद पर अमित सिंह, बिनय कुमार मिश्रा, सुशील कुमार सिंह उर्फ सागर यादव, रामजी दुबे, प्रशांत कुमार बाजपेई, श्रीकांत मिश्रा, हेमेंद्र कुमार श्रीवास्तव व चंद्रशेखर तिवारी भाग्य आजमा रहे हैं।
15 बूथों पर मतदान करेंगे अधिवक्ता, तैनात रहेंगे 500 पुलिसकर्मी
वहीं, बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर पुलिस ने तैयारी कर ली है। मतदान के लिए 500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, 60 सीसीटीवी कैमरों के जरिये हर पल की निगरानी की जाएगी। बुधवार को मतदान केंद्र और उसके आसपास बैरियर लगाकर रिहर्सल किया जाएगा। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव को देखते हुए 15 बूथों को दो सेक्टर में बांटा गया है। सेक्टर प्रभारी की कमान एडीसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
मतदान स्थल पर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे अधिवक्ता
बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी और पुलिस-प्रशासन के बीच मंगलवार को बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए पहली बार मतदान स्थल पर असलहे की तरह मोबाइल भी प्रतिबंधित रखा जाएगा। एल्डर्स कमेटी चेयरमैन उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि मतदान स्थल डीएवी डिग्री कॉलेज से 500 मीटर की दूरी यानि गोरा कब्रिस्तान तिराहे तक रेड जोन घोषित किया गया है। मतदान स्थल पर मोबाइल जमा कराने के लिए एसो की ओर से काउंटर बनाया जाएगा।
ब्राह्मण प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर
चुनाव में कुल 6516 मतदाता हैं। अनुमान के तहत इनमें लगभग 2200 ब्राह्मण, आठ-आठ सौ ठाकुर और एससी, सात-सात सौ कायस्थ और यादव तथा चार-चार सौ मुस्लिम और वैश्य मतदाता हैं। बाकी अन्य में हैं। दोनों ही पदों पर ब्राह्मण प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से कांटे की टक्कर है। परिणाम ब्राह्मण के पक्ष में होगा या अन्य के यह तो 26 को होने वाली मतगणना ही बताएगी