शाहगंज स्थित अब्दुलाह मस्जिद के मुसाफिरखाने से पकड़े गए 37 संदिग्धों मेें से 36 की फिर से कोरोना संक्रमण की जांच होगी। इसके लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने सभी का नमूना लेकर बीएचयू भेज दिया है। इनमें से एक 33 वर्षीय इंडोनेशियाई निवासी की रिपोर्ट पहले से ही पॉजिटिव आई है। उसे कोटवां-बनी स्थित कोविड-19 लेवल वन के अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
मुसाफिरखाने से पकड़े गए 36 संदिग्धों की फिर से होगी जांच, लिए गए नमूने
कौशांबी का एक और पॉजिटिव लाया गया कोटवां
कौशांबी में कोरोना पॉजिटिव की संख्या में एक और इजाफा हो गया है। उसे कोटवां-बनी स्थित कोविड-19 लेवल वन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, बुधवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय की कोरोना ओपीडी में प्रतापगढ़ से आई महिला को संदेह के आधार पर भर्ती किया गया है। महिला को सांस लेने में तकलीफ है। उसे मेडिसिन वार्ड में क्वारंटीन किया गया है।
कोटवां-बनी कोविड-19 लेवन-वन अस्पताल में लाए गए कौशांबी के दूसरे मरीज की उम्र भी लगभग 21 वर्ष है। लॉकडाउन होने से वह पानीपत से पैदल ही यहां आया हैं। उसे कौशांबी में क्वारंटीन करके उसका जांच का नमूना बीएचयू भेजा गया था। बुधवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे कोटवा भेज दिया गया।
कोविड-19 लेवल वन हॉस्पिटल के इंचार्ज डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक में ऊपरी तौर पर कोई लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। वह सामान्य अवस्था में है। कौशांबी से आने के बाद उसे आईसोलेट कर डॉक्टरों की निगरानी में कर दिया गया है। प्रभारी डॉ. मिश्रा ने बताया कि लेवल वन अस्पताल में पहले से भर्ती इंडोनेशियाई जमाती सहित सभी पांचों की हालत स्थिर है। उनकी देखभाल चल रही है।
उधर, एसआरएन में प्रतापगढ़ से आई 75 वर्षीय महिला को मेडिसिन वार्ड में रखा गया है। कोरोना के इंचार्ज डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि उसमें कोरोना के संक्रमण के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। वह न तो कहीं बाहर गई थी और न ही किसी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आई है। इसके बावजूद उसे निगरानी में रखा गया है। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है।