आगरा में बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। रविवार सुबह को शुरु हुई बारिश देर रात तक होती रही। बारिश से ठंड ने अब दस्तक दे दी है। सुबह से शाम तक कुल 7.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पांच डिग्री सेल्सियस तापमान लुढ़क गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन बारिश के आसार रहेंगे।
तीन दिनों से प्रदेश के सबसे प्रदूषिण शहरों में शुमार आगरा की हवा की गुणवत्ता भी बारिश ने सुधार दी है। बदले मौसम के बाद हुई बारिश से धूल कणों में एकदम कमी आ गई। इससे प्रदूषण कम हुआ है। शहर में संजय प्लेस, आवास विकास कालोनी, मनोहरपुर, ताजगंज और रोहता जैसी जगहों पर सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की मात्रा 325 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर पर थी, जो सुबह की बारिश के बाद एकदम नीचे 40 माइक्रोग्राम पर आ गई। दोपहर की बारिश के बाद सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की मात्रा महज 16 रह गई।
2 of 6
रिमझिम बारिश में भींगते पर्यटक
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5 डिग्री नीचे है, वहीं बादलों के छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। दो दिन पहले तक दिन में पारा 36 डिग्री पर और रात में 19 डिग्री तक आ चुका है। रविवार की बारिश से अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिवाली तक पारा 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
3 of 6
आगरा में हुई रिमझिम बारिश
- फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों तक बादलों की लुकाछिपी चलती रहेगी। बारिश के आसार बने रहेंगे। तेज हवाओं के साथ गरज चमक संग बारिश हो सकती है। दिन में दो से तीन बार तक बूंदाबांदी और बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आएगी।
4 of 6
ताजमहल में पर्यटक
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहल समेत स्मारकों पर पहुंचे सैलानियों के लिए मौसम जादूभरा रहा। तेज हवा के साथ बीच में बारिश से सुहाने हुए मौसम में पर्यटकों ने खूब मस्ती की। 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। ताज पर दिन भर सैलानी मौसम के साथ संगमरमरी शाहकार का जादुई अक्स देखते रहे।
5 of 6
ताजमहल का दिलकश नजारा
- फोटो : अमर उजाला
शहर में अस्थमा रोगियों के लिए बीते तीन दिन बेहद खराब बीते, जब शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 274 के आसपास रहा, जिसमें दोपहर में धूल कणों की मात्रा सामान्य से 6 गुना तक ज्यादा हो रही थी, लेकिन रविवार की बारिश उनके लिए राहत लेकर आई। बारिश के बाद सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच प्रदूषण एकदम कम हो गया।