DBRAU Agra: एक हजार रुपये में नकल कराने वाले एसआर कॉलेज का केंद्र निरस्त, अब यहां होंगी परीक्षाएं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने एसआर कॉलेज का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। आरोप है कि इस कॉलेज में रुपये लेकर परीक्षार्थियों को नकल कराई गई। इसका ऑडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने एक हजार रुपये लेकर नकल कराने वाले एसआर कॉलेज का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है। छात्रा से रुपये लेनदेन का ऑडियो वायरल हुआ था। इस केंद्र में पांच कॉलेजों के विद्यार्थियों की परीक्षा चल रही थी। कॉलेज संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें पेपर में नकल कराने के बाद छात्रा से एक हजार रुपये मांगे जा रहे थे। आगे के तीन परीक्षाओं के लिए भी प्रति पेपर 1000 रुपये की सौदेबाजी हो रही थी। ऑडियो मिलने के बाद जांच कराई तो ये कॉलेज रोहता ग्वालियर रोड स्थित एसआर कॉलेज का मिला।
ऑडियो में कॉलेज प्राचार्य और शिक्षिका के बीच बातचीत हो रही है। इस परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया है। इसे डिबार करते हुए अगले सत्र में परीक्षा केंद्र भी नहीं बनाया जाएगा। प्राचार्य को नोटिस भी दिया गया है। इसके स्थान पर श्री दाऊजी महाराज डिग्री कॉलेज बरौली अहीर शमसाबाद रोड को केंद्र बनाया है। आगे की परीक्षाएं यहीं संचालित होंगी।
वायरल ऑडियो के अंश
वायरल ऑडियो में शिक्षिका परीक्षार्थी को फोन करके नकल कराने के बाद एक हजार रुपये मांग रही है। छात्रा 800 रुपये में बात होने की कहती है, जिस पर शिक्षिका प्राचार्य को फोन देकर बात करने के लिए कहते हैं। वह पूछते हैं कि पेपर कैसा हुआ। छात्रा कहती है अच्छा हुआ है, आगे की तीन परीक्षा और ऐसे करानी है।
इस पर प्राचार्य एक हजार रुपये इसके देने और बाकी के प्रश्नपत्रों के रुपये जमा करने के लिए कहता है। इस पर छात्रा ऑनलाइन एक हजार रुपये खाते में भेजने के लिए कहती है, फोन नंबर भी लेती है। बाकी की तीनों परीक्षा के भी रुपये ऑनलाइन जमा कराने का भरोसा देती है।