अगर आप अक्तूबर 2026 में पैन कार्ड, पासपोर्ट, आधार, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी सरकारी डॉक्युमेंट बनवाने या अपडेट कराने की तैयारी कर रहे हैं तो पहले इनकी फीस जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। अलग-अलग डॉक्यूमेंट और उनकी सेवाओं के लिए अलग चार्ज तय है। वहीं कुछ सेवाएं ऐसी भी हैं, जिनके लिए कोई फीस नहीं देनी पड़ती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी सरकारी डॉक्यूमेंट्स की फीस एक जैसी नहीं होती। कुछ सेवाओं में राज्य या स्थानीय नियम और आवेदन की कैटेगरी के हिसाब से बदलाव हो सकता है। इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग की वेबसाइट पर मौजूदा फीस जरूर देख लें।
पैन से पासपोर्ट तक, अक्तूबर में बनवाना है ये जरूरी कागज? पहले जान लें कितनी लगेगी फीस
पैन कार्ड से लेकर आधार, पासपोर्ट, वोटर आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस तक, हर सरकारी डॉक्यूमेंट के लिए अलग फीस तय है। कुछ सेवाएं बिल्कुल मुफ्त हैं, जबकि कुछ के लिए तय चार्ज देना पड़ता है। आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग की वेबसाइट पर फीस जरूर चेक कर लें।
पैन कार्ड के लिए कितना देना होगा?
फिजिकल पैन कार्ड की जरूरत है तो आवेदन की फीस करीब 107 रुपये है। यह फीस जीएसटी समेत है। अगर फिजिकल पैन कार्ड नहीं चाहिए और केवल ई-पैन की जरूरत है तो फीस अलग होती है। इसलिए आवेदन करते समय अपनी जरूरत के हिसाब से विकल्प चुनना जरूरी है।
पासपोर्ट की फीस में हुआ बदलाव
पासपोर्ट की फीस जुलाई 2026 से बढ़ चुकी है। अक्टूबर 2026 में 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के आवेदक के लिए 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2500 रुपये है। 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए 3500 रुपये देने होंगे। वहीं 36 पेज वाले पासपोर्ट की तत्काल सेवा के लिए 5000 रुपये फीस है।
वोटर आईडी के लिए क्या लगेगा चार्ज?
नया वोटर बनने के लिए रजिस्ट्रेशन की कोई फीस नहीं है। अगर वोटर आईडी खो गई है और उसकी जगह नई कार्ड की जरूरत है तो सामान्य तौर पर 25 रुपये फीस लागू हो सकती है। हालांकि, बाढ़, आग या दूसरी प्राकृतिक आपदा जैसी वजह से कार्ड खोने पर फीस नहीं ली जाती है।
आधार बनवाना और अपडेट करना
नया आधार बनवाने के लिए कोई फीस नहीं है। वहीं आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या ईमेल जैसी जानकारी अलग से अपडेट कराने पर 75 रुपये फीस है। सामान्य मामलों में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये चार्ज है। कुछ उम्र की कैटेगरी में जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त भी है।
ड्राइविंग लाइसेंस की फीस
लर्नर लाइसेंस जारी कराने की फीस 150 रुपये है। इसके साथ लर्नर लाइसेंस टेस्ट की फीस 50 रुपये है। ड्राइविंग टेस्ट के लिए 300 रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के लिए 200 रुपये फीस तय है। इसके अलावा लाइसेंस की दूसरी सेवाओं के लिए अलग चार्ज हो सकता है।
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र
जन्म या मृत्यु का रजिस्ट्रेशन तय समय के भीतर कराने पर सामान्य तौर पर फीस नहीं होती। लेकिन रजिस्ट्रेशन में देरी होने पर नियमों के अनुसार अतिरिक्त फीस लग सकती है। इसकी रकम स्थानीय नियमों के हिसाब से अलग हो सकती है। इसी तरह वाहन की आरसी बनवाने, ट्रांसफर कराने या एनओसी लेने की फीस वाहन की कैटेगरी और संबंधित सेवा के अनुसार तय होती है। इसलिए इन सेवाओं के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग की मौजूदा फीस जरूर चेक करें।
त्योहार से पहले सरकार का बड़ा तोहफा, 2 करोड़ परिवारों को आधी कीमत में मिलेगा आटा-चीनी, सूजी भी शामिल
क्या मेट्रो ट्रेन में अपने पेट डॉग के साथ कर सकते हैं सफर? जानें मेट्रो अथॉरिटी के नियम