खरीदने वाले हैं एक हेडफोन तो इन 6 बातों का रखें ख्याल

चलते-फिरते हुए संगीत सुनने का शौक है, तो आपको एक बेहतरीन हेडफोन भी चाहिए? बाजार में तरह-तरह के हेडफोन हैं, लेकिन उसमें सबसे अच्छा कौन सा है, जो बजट में भी हो, इसे परखने के लिए कुछ चीजें जान लें। बाजार में मौजूद ढेरों हेडफोन्स में से अपने लिए सही हेडफोन चुनना आसान काम नहीं है। वहीं, जब बात हेडफोन के स्पेसिफिकेशंस की हो, तो इन्हें समझना भी पेचीदा है। साथ ही तकनीक और साउंड क्वालिटी की भी परख कर पाना मुश्किल होता है। ऐसे में पहले हेडफोन्स के बारे में जरूरी बातें जान लें जैसे कितने प्रकार के हेडफोन्स होते हैं और इनके जटिल स्पेसिफिकेशंस का मतलब क्या होता है?

इन ईयर हेडफोन्स या ईयरफोन्स
इन ईयर हेडफोन्स को ईयर मॉनिटर भी कहते हैं। इन हेडफोन्स को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि ये कान के अंदर फिट हो जाते हैं। इसके दो फायदे होते हैं। पहला, ये हेडफोन्स कान के पर्दे के पास रहते हैं, जिससे आपको बेहतर साउंड क्वालिटी मिलती है। दूसरा, ये बाहर के शोर को भी अंदर आने से रोकते हैं। ईयरफोन्स अलग-अलग साइज में आते हैं, जिनमें से आप अपने कानों में ठीक से फिट होने वाले ईयरफोन को चुन सकते हैं। वहीं, गलत साइज के ईयरफोन्स से ऑडियो क्वालिटी पर तो फर्क पड़ता ही है, साथ ही ये बार-बार कान से गिरते भी रहते हैं।

ओवर ईयर हेडफोन्स
ओवर ईयर हेडफोन्स पूरे कानों को ढक लेते हैं। साथ ही, इनके बड़े आकार के कारण, इनमें बड़े ड्राइवर्स भी आसानी से लगाए जा सकते हैं। बड़े ड्राइवर का मतलब है, तेज आवाज और बेहतर बास। इस प्रकार के हेडफोन्स में ड्राइवर्स को कान से थोड़ी दूरी पर रखते हैं, जिस कारण इनसे मिलने वाले ऑडियो से स्पीकर की तरह मिलने वाली साउंड क्वालिटी का अनुभव होता है। साथ ही, पूरा कान ढकने के कारण, ये हेडफोन्स बाहर के शोर को काफी हद तक कम कर देते हैं। यह कहना भी उचित नहीं होगा कि ओवर हेड हेडफोन अन्य कैटेगरी के हेडफोन से बेहतर होते हैं। दरअसल, यह संगीत सुनने वाले की पसंद और जरूरत पर निर्भर करता है।