काम की बात: एक झटके में आपके अकाउंट से पैसे हो सकते हैं गायब, ये टिप्स अपनाकर रहें सुरक्षित

आजकल अधिकतर लोग इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं, हालांकि यूपीआई का इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर हो रहा है। लोगों के काम जितने आसान हो रहे हैं, ठगों के लिए उतने ही दरवाजे खुल रहे हैं। इंटरनेट बैंकिंग या मोबाइल में खतरे कम नहीं हैं। कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं कि इंटरनेट बैंकिंग के जरिए फलां आदमी के इतने रुपये गायब हो गए। आजकल लोगों को कई तरीके से ठगा जा रहा है। कई बार साइबर फ्रॉड बैंक के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ठग रहे हैं तो कई बार ओटीपी फ्रॉड हो रहा है। आइए जानते हैं इंटरनेट बैंकिंग के दौरान क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

सबसे पहली बात यह समझने वाली है कि जब तक कोई ट्रांजेक्शन नहीं करते हैं तब तक आपके फोन नंबर पर ओटीपी नहीं आएगा और यदि बिना ट्रांजेक्शन ओटीपी आता है तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए। यदि ऐसा होता है तो इसका मतलब है कि साइबर ठग के पास आपके बैंक की बहुत सारी जानकारी पहले से मौजूद है।

ऐसी ठगी से बचने का पहला तरीका यह है कि आप समय-समय पर अपने बैंक को अपने मोबाइल नंबर आदि की जानकारी देते रहे हैं। यदि आपका मोबाइल नंबर बदल गया है तो बैंक को इसकी जानकारी तुरंत दें। इसके अलावा सप्ताह में कम-से-कम एक बार अपने क्रेडिट कार्ड अकाउंट की डिटेल चेक करें।