एक ईयरबड से कम आ रही है आवाज?: नए खरीदने से पहले आजमाएं ये चार आसान तरीके, मिनटों में दूर हो सकती है समस्या
अक्सर ईयरबड से आवाज कम या धीमी आने की समस्या आती है, तो ज्यादातर लोगों को लगता है कि यह ईयरबड खराब हो गया है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऑडियो बैलेंस, ईयर-टिप साइज या थोड़ी सी सफाई से यह समस्या तुरंत ठीक हो सकती है? आइए जानते हैं एक तरफ की आवाज कम होने पर कौन से आसान स्टेप्स अपनाने चाहिए।

आजकल वायरलेस ईयरबड्स यानी टीडब्ल्यूएस का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। म्यूजिक सुनना हो, वीडियो देखना हो या फिर फोन पर बात करनी हो, ईयरबड्स काफी सुविधाजनक होते हैं, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि दोनों ईयरबड्स में से एक में आवाज तेज आती है, जबकि दूसरे से आवाज काफी धीमी सुनाई देती है। ऐसे में ज्यादातर लोग मान लेते हैं कि ईयरबड खराब हो गया है और नया खरीदने की सोचने लगते हैं। हालांकि, हर बार इसकी वजह हार्डवेयर खराबी नहीं होती। कुछ आसान तरीकों से आप खुद भी समस्या की जांच कर सकते हैं।
पहले पता करें फोन में तो नहीं है दिक्कत
- अगर आपके साथ ऐसा होता है तो सबसे पहले यह जांचें कि समस्या ईयरबड में है या फोन में। इसके लिए प्रभावित ईयरबड को दूसरे कान में लगाकर देखें। अगर फिर भी उसी ईयरबड से आवाज कम आ रही है, तो समस्या ईयरबड से जुड़ी हो सकती है।
- इसके अलावा ईयरबड को किसी दूसरे फोन से कनेक्ट करके भी चेक कर सकते हैं। अगर दूसरे फोन में दोनों ईयरबड्स की आवाज सामान्य है, तो आपके फोन की सेटिंग में कोई बदलाव समस्या की वजह हो सकता है।

ईयरबड की जाली में जमी गंदगी साफ करें
- ईयरबड से कम आवाज आने की एक सामान्य वजह उसकी स्पीकर जाली पर जमा धूल या कान की मैल भी हो सकती है। समय के साथ गंदगी जमा होने पर आवाज का रास्ता आंशिक रूप से ब्लॉक हो सकता है।
- ईयरबड की जाली को मुलायम और सूखे कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें। जरूरत पड़ने पर मुलायम ब्रश या कॉटन स्वैब का इस्तेमाल किया जा सकता है। सफाई करते समय ज्यादा दबाव न डालें और किसी नुकीली चीज से जाली को साफ करने की कोशिश न करें। इससे ईयरबड के स्पीकर को नुकसान पहुंच सकता है। फिर सफाई के बाद ईयरबड को दोबारा कनेक्ट करके आवाज चेक करें।
अलग साइज की ईयर-टिप लगाकर देखें
- अगर आपके टीडब्ल्यूएस के साथ अलग-अलग साइज की सिलिकॉन ईयर-टिप दी गई हैं, तो उन्हें बदलकर भी देखें। सही फिट न होने पर ईयरबड कान में ढीला रह सकता है, जिससे आवाज कम महसूस हो सकती है और बाहर का शोर ज्यादा सुनाई दे सकता है।
- अलग-अलग साइज की ईयर-टिप लगाकर देखें कि किससे कान में बेहतर सील बन रही है। यह भी ध्यान रखें कि दोनों कानों का आकार बिल्कुल एक जैसा होना जरूरी नहीं है। इसलिए जरूरत पड़ने पर दोनों कानों में अलग-अलग साइज की ईयर-टिप इस्तेमाल की जा सकती है।

फोन की लेफ्ट-राइट ऑडियो बैलेंस सेटिंग चेक करें
- कई बार समस्या ईयरबड में नहीं, बल्कि फोन की ऑडियो सेटिंग में होती है। अगर लेफ्ट-राइट ऑडियो बैलेंस का स्लाइडर गलती से एक तरफ चला गया है, तो एक ईयरबड से आवाज कम सुनाई दे सकती है।
- फोन की एक्सेसिबिलिटी या हियरिंग सेटिंग में जाकर ऑडियो बैलेंस चेक करें। लुफ्ट और राइट का बैलेंस सामान्य तौर पर बीच में होना चाहिए।
- अगर आपके पास वीवो का फोन है तो आप शॉर्टकट एंड एक्सेसिबिलिटी में जाकर एक्सेसिबिलिटी पर क्लिक करके ऑडियो एडजेस्टमेंट में जाकर चेक कर सकते हैं।
- अगर आप सैमसंग यूजर हैं तो फोन में इसी सेक्शन के अंदर मोनो ऑडियो जैसे अन्य विकल्प भी मिल सकते हैं।
आखिरी उपाय: ईयरबड को रीसेट और दोबारा पेयर करें
- अगर सफाई, ईयर-टिप बदलने और ऑडियो बैलेंस चेक करने के बाद भी समस्या बनी हुई है, तो ईयरबड को रीसेट करके दोबारा कनेक्ट करें।
- इसके लिए फोन की ब्लूटूथ सेटिंग में जाएं और अपने ईयरबड को फॉर्गेट या अनपेयर करें। इसके बाद फोन का ब्लूटूथ बंद करके कुछ देर बाद दोबारा ऑन करें। अब ईयरबड को फिर से पेयर करें।
- कई बार पुराने ब्लूटूथ कनेक्शन में आई गड़बड़ी की वजह से भी एक ईयरबड सही तरीके से काम नहीं करता। दोबारा पेयर करने के बाद आवाज सामान्य हो सकती है।
फिर भी आवाज कम है तो क्या करें?
अगर इन सभी तरीकों को आजमाने के बाद भी सिर्फ एक ईयरबड की आवाज लगातार कम आती है, तो हार्डवेयर से जुड़ी समस्या हो सकती है। ऐसे में ईयरबड की जांच अधिकृत सर्विस सेंटर या संबंधित तकनीकी सहायता से करवाना बेहतर रहेगा। बिना जांच के तुरंत नया ईयरबड खरीदने की जरूरत नहीं है।