नया सिम खरीदते समय न करें ये पांच गलतियां: लग सकता है 50 लाख का जुर्माना, हो सकती है जेल, जानें जरूरी बातें
स्मार्टफोन चलाने, यूपीआई पेमेंट करने, नेट बैकिंग या व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने...सभी कामों के लिए एक्टिव मोबाइल नंबर यानी सिम की जरुरुत होती है, लेकिन बहुत से लोगों को नहीं पता कि सिम लेने में छोटी से भी लापरवाही आपको फंसा सकती है। इसलिए आइए जानते हैं कि सिम लेते समय आपको किन पांच बड़ी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

बिना सिम के स्मार्टफोन खाली डब्बा बन जाता है। आप उसमें न व्हाट्सएप चला सकते हैं और न ही यूपीआई, लेकिन जल्दबाजी में सिम लेना आपको मुसीबत में डाल सकता है। दूरसंचार विभाग के सख्त नियमों के अनुसार, गलत दस्तावेजों पर सिम लेने पर तीन साल तक की जेल और 50 लाख तक जुर्माना भी हो सकता है। क्या आपको पता है कि आपकी आईडी पर कितने अंजान नंबर एक्टिव है? यहां जानिए सबकुछ।

1. हमेशा वैलिड आईडी प्रूफ का इस्तेमाल करें
- यह सिम खरीदते वक्त सबसे ज्यादा ध्यान देने वाली बात है। नई सिम लेते समय पहचान के लिए हमेशा वैलिड आईडी प्रूफ ही दें। क्योंकि सिम जारी करने से पहले केवाईसी प्रक्रिया के जरिए आपकी पहचान की जांच की जाती है।
- इसलिए किसी दूसरे व्यक्ति के डॉक्यूमेंट, फर्जी आईडी या गलत दस्तावेज का इस्तेमाल करके सिम लेने से बचें। जिस व्यक्ति को सिम इस्तेमाल करनी है, सिम उसी व्यक्ति के नाम पर होना ज्यादा सुरक्षित है।

2. गलत या झूठी जानकारी न दें
- जल्दबाजी में सिम लेने के चक्कर में अपनी जानकारी गलत देना भारी पड़ सकता है। नाम, पता या पहचान से जुड़ी जानकारी जानबूझकर गलत देना या किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करना गंभीर मामला हो सकता है।
- इसी तरह फेक आईडी या गलत डॉक्यूमेंट्स के जरिए सिम लेना भी परेशानी में डाल सकता है। ऐसे मामलों में नियमों के तहत तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान बताया गया है।

3. अपनी आईडी पर किसी दूसरे के लिए सिम न लें
अक्सर लोग दोस्त, रिश्तेदार या कोई जानने वाले के लिए अपनी आईडी से सिम निकलवा देते हैं, और इसे काफी सामान्य समझते हैं। लेकिन जितना हो सके अपनी आईडी से किसी दूसरे व्यक्ति के लिए सिम लेने से बचें। इसका कारण है कि अगर सिम आपके नाम से निकलवाई गई है, तो रिकॉर्ड में आपका नंबर ही रहेगा। फिर आगे अगर उस नंबर का इस्तेमाल किसी गलत चीजों में होने पर आपको भी पूछताछ या कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सिम हमेशा उसी व्यक्ति के नाम पर लेना बेहतर है जो वास्तव में उसका इस्तेमाल करेगा।