ट्रिप बुकिंग से नेगोशिएट तक: क्या है मेटा का एआई एजेंट Muse और कितना है सुरक्षित? समझें इसके काम करने का तरीका
मेटा ने 'Muse' नाम से एक नया और पर्सनल एआई एजेंट पेश किया है। यह साधारण चैटबॉट्स की तरह सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपके लिए ब्राउजर खोलकर खुद बुकिंग करने, फॉर्म भरने, बिल कम करवाने और कार्ड से पेमेंट करने जैसे जटिल काम चुटकियों में पूरा कर सकता है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर यह एआई एजेंट बुकिंग, शॉपिंग और पेमेंट जैसे संवेदनशील कामों को बैकएंड में कैसे संभालता है? और ऑनलाइन सुरक्षा के मामले में यह कितना भरोसेमंद है? आइए जानते हैं मेटा म्यूज (Meta Muse) से जुड़ी हर एक बात विस्तार से...

क्या आप भी घर के सामान की लिस्ट बनाने, बिल कम करवाने या होटल और फ्लाइट बुक करने जैसे ऑनलाइन काम निपटाने में कतराते या परेशान होते हैं? तो तैयार हो जाइए, मेटा एक ऐसा 'पर्सनल एआई सुपरस्मार्ट एजेंट' लेकर आया है, जो ये सारे काम आपके लिए खुद कर सकता है। मेटा म्यूज नाम का यह एआई एजेंट केवल सलाह या जानकारी देने वाला चैटबॉट नहीं है, बल्कि आपके कहने पर खुद ऐप और वेब ब्राउजर खोलकर पेमेंट तक कर सकता है।

मेटा म्यूज क्या है?
मेटा ने हाल ही में म्यूज नाम का एक नया पर्सनल एआई एजेंट लॉन्च किया है। यह सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला चैटबॉट नहीं है, बल्कि यूजर की ओर से कई चरणों वाले काम पूरे कर सकता है। इसे कोई लक्ष्य बताने पर यह ब्राउजर खोल सकता है, फॉर्म भर सकता है, आपकी ओर से बातचीत यानी नेगोशिएशन कर सकता है और जरूरत पड़ने पर आपके कार्ड से पेमेंट भी कर सकता है। हालांकि संवेदनशील कामों के मामले में यह आगे बढ़ने से पहले यूजर की मंजूरी लेता है।
मेटा ने म्यूज को 18 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए पेश किया है। इसका मकसद शेड्यूलिंग, शॉपिंग और रोजमर्रा के ऐसे कामों में मदद करना है, जिनमें यूजर का काफी समय और ध्यान लगता है।
खास बात यह है कि अगर एक बार यूजर अपना लक्ष्य बता देता है तो म्यूज उसके लिए प्लान बनाने, समय और संसाधनों को व्यवस्थित करने और काम को आगे बढ़ाने में मदद करता है। यानी यह सिर्फ एक प्रॉम्प्ट का जवाब देकर रुकने के बजाय लंबे समय तक चलने वाले लक्ष्य पर काम कर सकता है।
एप बंद करने के बाद भी करता रहेगा काम
मेटा का कहना है कि यह म्यूज सामान्य चैटबॉट से काफी अलग है। कंपनी के मुताबिक, यह एप बंद होने के बाद भी काम जारी रख सकता है और बिना मांगे सुझाव भी दे सकता है।
यह अलग-अलग सेशन्स के बीच यूजर की प्राथमिकताओं को याद रख सकता है। जैसे मान लीजिए, अगर आपने कोई रेसिपी रील सेव की है, तो यह एआई एजेंट उसे देखकर आपके लिए शॉपिंग लिस्ट तैयार कर सकता है।
यानी इसका काम सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं है। यह लंबे समय तक किसी लक्ष्य को ट्रैक कर सकता है और जरूरत के मुताबिक दोबारा उस पर काम कर सकता है।
मेटा के म्यूज को अमेरिका में आईओएस, एंड्रॉयड और वेब पर रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी के एआई ग्लासेस के लिए इसका सपोर्ट बाद में आएगा। यूजर म्यूज एप के अलावा सीधे व्हाट्सएप के अंदर भी इससे बातचीत कर सकते हैं।

मेटा म्यूज क्या-क्या कर सकता है?
- शॉपिंग और डील:म्यूज सेव की गई रेसिपी रील को किराने की लिस्ट में बदल सकता है। इसके अलावा यह फर्नीचर जैसी चीजों के लिए बेहतर कीमत खोजने और डील करने में भी मदद कर सकता है।
- बिल और पैसे: यह बिल कम करवाने के लिए बातचीत कर सकता है और बार-बार होने वाले खर्चों को मैनेज करने में मदद कर सकता है।
- यात्रा और फॉर्म:म्यूज ट्रिप बुक करने, जरूरी फॉर्म भरने और कई चरणों वाली कागजी कार्रवाई को संभाल सकता है।
- चल रहे लक्ष्य:स्वास्थ्य योजनाओं, रिश्तों और करियर से जुड़े ऐसे काम, जिन पर समय-समय पर दोबारा काम करना पड़ता है, उन्हें भी म्यूज लंबे समय तक ट्रैक कर सकता है।
कितनी है मेटा म्यूज की कीमत?
म्यूज के लिए एक फ्री टियर के साथ दो पेड सब्सक्रिप्शन प्लान भी हैं। इनमें 20 डॉलर प्रति माह और 100 डॉलर प्रति माह के विकल्प शामिल हैं। कौन-सा प्लान लेना है, यह पूरी तरह से यूजर के इस्तेमाल पर निर्भर कर सकता है। मेटा का कहना है कि ज्यादातर लोगों को पेड प्लान की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी के एआई प्रमुख अलेक्जेंडर वांग ने Axios के अनुसार उपयोगकर्ताओं की बड़ी संख्या अपनी जरूरतें फ्री टियर में ही पूरी कर सकेगी। हालांकि, भारी इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए 100 डॉलर वाला प्लान ज्यादा उपयोगी हो सकता है।

म्यूज की सुरक्षा कैसे काम करती है?
जहा एक तरफ एआई एजेंट्स की ओर से कंपनियों के संवेदनशील दस्तावेजो तक स्वायत्त पहुंच (Autonomous Access) की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं म्यूज की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा को लेकर मेटा का दावा है कि म्यूज का सबसे दिलचस्प हिस्सा सिर्फ इसका AI मॉडल नहीं, बल्कि इसका सुरक्षा आर्किटेक्चर है।
इसमें हर यूजर के लिए एक पूरी तरह से अलग वातावरण (Isolated Environment) तैयार किया जाता है। म्यूज एजेंट मेटा के क्लाउड में एक समर्पित वर्चुअल मशीन (Dedicated VM) पर चलता है। इसमें एक बिल्ट-इन ब्राउजर भी शामिल है, जिसे यूजर काम करते हुए लाइव देख सकता है।
इसका मतलब है कि म्यूज के काम करने की प्रक्रिया पूरी तरह पर्दे के पीछे नहीं छिपी रहती। यूजर स्क्रीन पर खुद देख सकता है कि एजेंट ब्राउजर में क्या कर रहा है। मेटा के AI प्रमुख अलेक्जेंडर वांग के मुताबिक, यह एजेंट कंपनी के कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के अंदर अपने अलग वातावरण में रन करता है और यूजर के असली पासवर्ड या पेमेंट डिटेल्स को सीधे कभी नहीं देखता।
Sentinel क्या है और क्यों जरूरी है?
म्यूज की सुरक्षा व्यवस्था में Sentinel (सेंटिनल) नाम का एक अलग अप्रूवल एजेंट भी है। लॉन्च की तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार, सेंटिनल के पास नेटवर्क एक्सेस और कनेक्टर एक्शन्स का नियंत्रण होता है।
क्रेडेंशियल्स को एक खास तरीके से संभाला जाता है। म्यूज को वास्तविक पासवर्ड या सीक्रेट की जगह प्लेसहोल्डर टोकन दिखाई देते हैं। असली सीक्रेट्स नेटवर्क की सीमा पर जरूरत के समय सिस्टम में डाले जाते हैं।
इस डिजाइन का मकसद यह है कि अगर कोई प्रॉम्प्ट इंजेक्शन के जरिए म्यूज से क्रेडेंशियल हासिल करने की कोशिश करे, तो उसे असली पासवर्ड या सीक्रेट सीधे मिल ही न सके।
ब्राउजर सब-एजेंट को वेबपेज का पूरा रॉ कंटेंट देने के बजाय एसिसबिलिटी ट्री दिखाया जाता है। इसके अलावा वह जावा स्क्रीप्ट को सीधे एक्जीक्यूट नहीं कर सकता। ईमेल कनेक्टर में भी सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत है। यह डिफॉल्ट रूप से वन-टाइम पासकोड और पासवर्ड-रीसेट लिंक को फिल्टर कर देता है।
पेमेंट के समय भी अलग सुरक्षा
शॉपिंग के दौरान मेटा ने कार्ड-लेवल सुरक्षा भी जोड़ी है। चेकआउट के समय एक वन-टाइम कार्ड नंबर तैयार किया जाता है। इससे यूजर का असली कार्ड नंबर मर्चेंट और एआई एजेंट दोनों से छिपा रहता है। यानी म्यूज को शॉपिंग पूरी करने के लिए वास्तविक कार्ड नंबर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। प्राइवेसी के मामले में मेटा का कहना है कि म्यूज की बातचीत कंपनी के ऐड सिस्टम के साथ साझा नहीं की जाती।