10 साल में कितनी बदल गई टेक्नोलॉजी की दुनिया, सेल्फी से लेकर सेल्फ ड्राइविंग कार तक

पिछला दशक तकनीक के विकास के मामले में हमारी जिंदगी में क्रांति लेकर आया है। इसने एक तरह से कई वैज्ञानिक आविष्कारों की नींव रख दी है। 1712 के आसपास भाप से चलने इंजन की खोज के लगभग 200 वर्षों के बाद भी दुनिया में मशीनी क्रांति चलती रही। बिजली के आविष्कार औद्योगिक क्रांति का कारण बने जो एक सदी से भी ज्यादा चली। 20वीं सदी में इंटरनेट ने कंप्यूटर क्रांति के लिए रास्ता बना दिया। हालांकि, पिछले दशक में आई डिजिटल क्रांति ने पूरी दुनिया के काम करने का तरीका बदल दिया।

स्मार्टफोन की क्रांति
पिछले एक दशक में मोबाइल फोन फीचर फोन से टच स्क्रीन तक पहुंच गए हैं। जिस फोन की कीमत 10 साल पहले 25 हजार रूपये से ज्यादा थी वो अब 4000 रूपये तक सिमट गई और कई लोगों के बजट में आ गई। बड़ी रैम साइज, अल्ट्रा स्पीड प्रोसेसर्स, बड़ी इंटरनेट स्टोरेज, मेगा पिक्सल कैमरा, वायरलैस ब्लूटुथ हैड फोन्स, ब्लूटुथ स्पीकर्स और पावरबैंक अब आम बात हो गए हैं। वायरलैस चार्जर्स, सेल्फी कैमरा, सेल्फी स्टिक्स, फिंगर प्रिंट स्कैनर्स, चेहरे की पहचान (फेशियल रिकॉगिनेशन) और मोबाइल फोन के लिए आईरिस कैमरा लॉक ने मोबाइल फोन के फीचर्स में जैसे क्रांति ला दी। इस दशक में आई पैड और टैबलेट भी उभरकर आए हैं।

ऑपरेटिंग सिस्टम
साल 2010 से पहले विंडोज, मैकिन्तोश, लेनक्स ही ऑपरेटिंग सिस्टम हुआ करते थे। हालांकि, साल 2008 में एंड्रॉइड सिस्टम लॉन्च हुआ था लेकिन वो ज्यादा प्रचलित नहीं था। यहां तक कि एप्पल भी अपने आईओएस को लगातार अपडेट कर रहा था।