CES 2026: दुनिया का पहला 130-इंच टीवी लाई सैमसंग, LG ने पेश किया दीवार पर चिपकने वाला 'वॉलपेपर' टेलीविजन
CES 2026 Updates:
लास वेगास के CES 2026 में सैमसंग और LG ने अपनी नई तकनीक से सबको चौंका दिया है। जहां सैमसंग ने 130 इंच का विशाल माइक्रो RGB टीवी उतारा, वहीं LG ने मोबाइल जैसा पतला वॉलपेपर टीवी और बिना इंटरनेट चलने वाला धांसू AI लैपटॉप पेश किया है।

अमेरिका के लास वेगास में आयोजित कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES 2026) में इस बार टेक्नोलॉजी का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। 6 से 9 जनवरी तक चलने वाले इस इवेंट में दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां अपने नए प्रोडक्ट्स और इनोवेशन पेश करने वाली हैं। सैमसंग, LG, लेनोवो, इंटेल, AMD और मोटोरोला के साथ-साथ कई चीनी और यूरोपीय कंपनियां भी शो में शामिल हुई हैं। हालांकि, 5 जनवरी से ही इस इवेंट की कई जानकारियां सामने आने लगी हैं।

LG ने पेश किया सबसे पतला ‘वॉलपेपर TV’
LG ने CES 2026 में अपना नया LG OLED EVO W6 टीवी लॉन्च किया है, जिसे कंपनी दुनिया का सबसे पतला OLED टीवी बता रही है। इसकी मोटाई सिर्फ 9 मिलीमीटर है, जो लगभग किसी स्मार्टफोन जितनी पतली मानी जा रही है। दीवार पर लगाने के बाद यह टीवी बिल्कुल वॉलपेपर जैसा दिखाई देता है, इसी वजह से LG इसे ‘वॉलपेपर टीवी’ कह रही है।
इस टीवी की खास बात यह है कि जब आप इसे इस्तेमाल नहीं कर रहे होते हैं, तब इसमें अलग-अलग वॉलपेपर सेट किए जा सकते हैं। इतना स्लिम डिजाइन होने के कारण यह दीवार पर चिपके किसी चमकदार वॉलपेपर की तरह नजर आता है।

LG ने पेश किए सबसे हल्के Gram लैपटॉप
डिस्प्ले के अलावा LG ने CES 2026 में अपने नए Gram लैपटॉप्स भी पेश किए हैं। इनमें 17-इंच स्क्रीन वाला मॉडल दुनिया के सबसे हल्के लैपटॉप्स में से एक बताया जा रहा है। इन लैपटॉप्स को खास एयरोमीनियम मटीरियल से तैयार किया गया है, जिससे वजन कम रखने में मदद मिली है। लेकिन असली जादू इसके अंदर है। इसमें कंपनी ने अपना खुद का AI (LLM) दिया है। यह बिना इंटरनेट के भी आपके दस्तावेजों की समरी तैयार करने जैसे काम कर सकता है।