5G की टेस्टिंग पड़ी भारी: सेकेंडों में ही खत्म हो गया पूरे दिन का कोटा, क्या आपको भी करना है ट्रायल?

देश में एक अक्तूबर को 5G नेटवर्क लॉन्च हो गया है और कई स्मार्टफोन यूजर्स को इसका इंतजार है। अगर आप भी 5G का इंतजार कर रहे हैं, तो आपको इसके लिए जेब ढीली करनी पड़ सकती है। 5G नेटवर्क की स्पीड इतनी ज्यादा है कि मिनटों में ही आपके फोन का इंटरनेट डाटा पूरा खत्म हो जाएगा। 5G इंटरनेट यूज करना ही नहीं 5G की स्पीड टेस्ट करना भी आपको महंगा पड़ सकता है। जी हां ऐसा कई यूजर्स के साथ हुआ भी है। यूजर्स ने इस बारे में सोशल मीडिया पर शिकायत की है और टेलीकॉम कंपनियों से डाटा वापस करने की मांग की है।

दरअसल, यूजर्स 4G और 5G की इंटरनेट स्पीड जांचने के लिए स्पीड टेस्ट कर रहे हैं। स्पीड टेस्ट में ही यूजर्स का आधे से ज्यादा डाटा खत्म हो गया। बता दें कि 5G में 1Gbps तक की इंटरनेट स्पीड मिलती है, जबकि भारत में यह फिलहाल 500Mbps से 600Mbps तक ही मिल पा रही है। यदि आपके पास 1.5 जीबी डाटा प्रतिदिन वाला प्लान है तो आपका डाटा 3 से 4 सेकेंड में ही खत्म हो सकता है। बता दें कि 5G इंटरनेट इस्तेमाल करने में डाटा की खपत नहीं बढ़ती है बल्कि और कई बजह हैं जिनसे आपका डाटा मिनटों में खत्म हो सकता है।

ऐसे खत्म होता है डाटा
उदाहरण के लिए आप यूट्यूब पर ऑटो क्वालिटी पर वीडियो प्ले करते हैं, ऐसे में यूट्यूब आपकी इंटरनेट स्पीड के हिसाब से क्वॉलिटी कम या ज्यादा करता है। यदि आपका इंटरनेट स्लो है तो यूट्यूब आपको कम क्वॉलिटी में वीडियो प्ले करेगा और फास्ट इंटरनेट होने पर हाई क्वॉलिटी में वीडियो प्ले करेगा। अब 5G इंटरनेट की स्पीट काफी फास्ट होती है, ऐसे में यूट्यूब आपके फोन में सबसे ज्यादा क्वॉलिटी वाली वीडियो प्ले करेगा, यानी आपका सामान्य से कई गुना ज्यादा डाटा खर्च होगा। ऐसे ही अन्य एप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को यूज करने के दौरान होगा।