भारत से पाकिस्तान की हार के बाद फूट-फूटकर रोने वाला वो लड़का कौन है?

मैनचेस्टर में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में पाकिस्तान की हार के बाद सोशल मीडिया पर तमाम पाकिस्तानी फैंस अपना दुख जताते हुए नजर आए थे। ऐसे ही एक फैन मोमिन साकिब ने मैच के बाद अपनी भावनाएं जाहिर की थीं। चुटीले पंचों और कॉमिक टाइमिंग से लैस उनकी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद से इंटरनेट पर लोगों के बीच उन्हें लेकर एक तरह की दिलचस्पी पैदा हो गई है। आइए जानते हैं इनके बारे में...

कौन हैं मोमिन साकिब?
साकिब के फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, उनके नाम किंग्स कॉलेज लंदन की लंदन स्टूडेंट यूनियन के पहले गैर-यूरोपीय अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह कॉलेज काउंसिल के भी सदस्य रह चुके हैं जो कि उनके विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी गवर्निंग बॉडी थी। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वो एक कॉमेडियन, यूट्यूबर या ब्लॉगर हैं, लेकिन बातचीत में उन्होंने बताया है कि वह यूट्यूबर या ब्लॉगर नहीं हैं। मोमिन कहते हैं, "मैं एक सामान्य व्यक्ति हूं। स्नैपचैट पर अपने वीडियो प्रकाशित करता हूं। लेकिन मेरे वीडियो को दस हजार लोग देखते हैं। हमारे लोगों को लगता है कि आप अगर गंभीर पढ़ाई करते हैं तो आप एक्टिंग नहीं कर सकते या आप एक्टिंग करते हैं तो गंभीर पढ़ाई नहीं कर सकते। हमारे लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।"

भारतीयों से क्या कहना चाहते हैं मोमिन
हिंदुस्तानियों की बात करते हुए मोमिन कहते हैं, "मैं अपने भारतीय दोस्तों से कहना चाहता हूं कि अपने अंदर थोड़ी सहिष्णुता लाएं। हमें बातचीत करके मसलों को हल करना चाहिए। हम एक ऐसी रणनीतिक जगह पर हैं जहां से हम पूरी दुनिया पर राज कर सकते हैं। आप लोग थोड़ी मोहब्बत तो करके देखें और हम भी कर रहे हैं।" इसके साथ ही अपने वीडियो पर मिल रही प्रतिक्रियाओं पर उन्होंने कहा कि हमें बहुत अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं और कुछ ऐसे संदेश भी आ रहे हैं जिनमें गाली-गलौच का इस्तेमाल किया गया है। मैं कहना चाहता हूं कि लोगों को गाली-गलौच का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। लेकिन जब आप कोई बड़ा काम करने निकलते हैं तो दुनिया गलत मंशा से आपकी आलोचना भी करती है।