Cyber Fraud: संदिग्ध लिंक पर कर दिया क्लिक या फिर डिवाइस में इंस्टाल हो गया अनजान एप, इन बातों का रखें ध्यान

देश में लगातार साइबर अपराध के मामलों में इजाफा हो रहा है। साइबर जालसाज लोगों को ठगने के लिए नए-नए हथकंडों को आजमा रहे हैं। अक्सर सरकार और साइबर सुरक्षा एजेंसी की तरफ से लोगों को सावधान रहने के लिए कहा जाता है। मगर कई बार यूजर्स किसी अनजान लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर क्लिक कर देते हैं। अगर कभी आप भी ऐसी गलती कर दें तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। इस खबर में जानिए किसी संदिग्ध वेबसाइट या एप पर क्लिक करने के बाद बचाव के लिए क्या करना है।

अगर सोशल मीडिया पर या फिर फोन पर आए अनजान नंबर पर गलती से क्लिक कर दिया तो बचने के लिए सबसे पहले उस पेज या वेबसाइट से बाहर आ जाए। इसके साथ ही कोशिश करें कि अनजान लिंक पर क्लिक करने के बाद उस पर किसी तरह की बैंकिंग और पर्सनल डिटेल साझा न करें।

कई बार साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए उनके फोन पर अनजान नंबर से कॉल या फिर मैसेज करते हैं। ऐसे में किसी भी गड़बड़ी से बचने के लिए फोन कॉल पर किसी भी तरह की जानकारी शेयर करने से बचें। साथ ही अगर गलती से मैसेज पर क्लिक कर दिया तो जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं। सबसे पहले यह देखें कि लिंक या मैसेज पर क्लिक करने के बाद किसी तरह कोई अलर्ट या फिर नोटिफिकेशन तो नहीं मिल रही। साथ ही उस लिंक या वेबसाइट से तुरंत बाहर निकलने की कोशिश करें।