दुनिया के दिग्गज फुटबॉलरों में शुमार पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रियल मैड्रिड क्लब का दामन छोड़कर इटली के दिग्गज फुटबॉल क्लब युवेंटस का हाथ थामा है। इस बात की जानकारी मंगलवार को स्पेनिश फुटबॉल क्लब रीयल मैड्रिड ने एक बयान जारी कर दी।
क्लब ने अपने बयान में कहा कि क्लब उस खिलाड़ी को शुक्रिया कहना चाहता है कि जिसने दिखाया कि वह दुनिया में श्रेष्ठ है और जिन्होंने हमारे क्लब और विश्व फुटबॉल के इतिहास के सुनहरे दिनों के अध्यायों में नई उपलब्धियां जोड़ीं।
क्लब ने अभी ट्रांसफर राशि का खुलासा नहीं किया है लेकिन स्पेनिश मीडिया की रपटों के अनुसार कि यह 105 मिलियन यूरो (लगभग आठ अरब रुपये) हो सकता है। 33 वर्षीय स्ट्राइकर ने चार साल के लिए 120 मिलियन यूरो (9.65 अरब रुपये)का अनुबंध किया है। यानी हर सीजन में उन्हें 30 मिलियन यूरो मिलेंगे।
रियल मैड्रिड की वेबसाइट पर पांच बार के बैलन डि ओर विजेता ने कहा कि रियल मैड्रिड में उन्होंने अपने जिंदगी के सर्वश्रेष्ठ दौरों में से एक दौर व्यतीत किया है। मैं क्लब, फैन्स और मैड्रिड शहर को बड़ा धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरा मानना है कि अब जिंदगी में नया दौर शुरू करने का समय है इसलिए मैंने क्लब से कहा कि वह मेरे ट्रांसफर को स्वीकार कर ले। मैंने सभी को खासतौर पर अपने समर्थकों से कहा है कि कृपया मुझे समझने की कोशिश करें।
रोनाल्डो ने मई में चैंपियंस लीग में लिवरपूल के खिलाफ जीत के बाद ही संकेत दे दिए थे कि वह रियल मैड्रिड को छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। 2009 में मैनचेस्टर यूनाइटेड से रियल मैड्रिड में आए रोनाल्डो ने क्लब को दो बार ला लीगा और चार बार चैंपियंस लीग जिताने में मदद की। इससे पहले रोनाल्डो मैनचेस्टर युनाइटेड क्लब का हिस्सा थे और 2009 में 80 मिलियन पाउंड की ट्रांस्फर फीस के साथ वो रियल मैड्रिड में शामिल हुए थे।