Rama Ekadashi 2026 Kab Hai: हिंदू धर्म में एकादशी तिथि को भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष फलदायी माना गया है। इन्हीं पावन तिथियों में से एक है रमा एकादशी। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली इस एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। दीपावली से कुछ दिन पहले पड़ने के कारण इस व्रत का महत्व और भी बढ़ जाता है। इसे रम्भा एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रमा एकादशी पर श्रद्धापूर्वक उपवास और भगवान विष्णु की पूजा करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है। आइए जानते हैं साल 2026 में रमा एकादशी का व्रत किस दिन रखा जाएगा, पूजा का शुभ समय क्या है और इस दिन किस विधि से भगवान विष्णु की आराधना करनी चाहिए।
रमा एकादशी 2026: 4 या 5 नवंबर कब रखा जाएगा व्रत? जानें पूजा विधि, मंत्र और शुभ मुहूर्त
रमा एकादशी पर श्रद्धापूर्वक उपवास और भगवान विष्णु की पूजा करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है। आइए जानते हैं साल 2026 में रमा एकादशी का व्रत किस दिन रखा जाएगा, पूजा का शुभ समय क्या है और इस दिन किस विधि से भगवान विष्णु की आराधना करनी चाहिए।
रमा एकादशी 2026 कब है?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 5 नवंबर 2026, गुरुवार को पड़ रही है। ऐसे में इसी दिन रमा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। इस अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
एकादशी तिथि का आरंभ- 4 नवंबर 2026, सुबह 11:03 बजे
एकादशी तिथि की समाप्ति- 5 नवंबर 2026, सुबह 10:35 बजे
व्रत पारण का समय- 5 नवंबर 2026, सुबह 10:35 बजे
- रमा एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद भगवान विष्णु के समक्ष व्रत और पूजा का संकल्प लें। पूजा के लिए इन बातों का ध्यान रखें।
- सबसे पहले पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें और एक चौकी पर पीले रंग का साफ कपड़ा बिछाएं।
- चौकी पर भगवान गणेश और श्रीहरि विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
- भगवान के समक्ष दीपक जलाकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना शुरू करें।
- श्रीहरि को पीले फूल, अक्षत, चंदन और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करें।
- भगवान विष्णु को पंचामृत का भोग लगाएं। इसमें तुलसी दल अवश्य शामिल करें।
- इसके बाद फल, मिठाई और अन्य सात्विक पकवानों का भोग अर्पित करें।
- पूजा के दौरान विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें और रमा एकादशी व्रत की कथा सुनें।
- आखिर में भगवान विष्णु और गणेश जी की आरती करें तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें।
- ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः
- कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने । प्रणत क्लेश नाशाय गोविन्दाय नमो नमः।
- नारायणाय विद्महे। वासुदेवाय धीमहि । तन्नो विष्णुः प्रचोदयात् ॥
- ॐ नमो भगवते महासुदर्शनाय वासुदेवाय धन्वन्तरायेः अमृतकलश हस्ताय सर्व भयविनाशाय सर्व रोगनिवारणाय् त्रिलोकपथाय त्रिलोकनाथाय श्री महाविष्णुस्वरूप श्रीधनवन्तरी स्वरूप श्री श्री श्री औषधचक्र नारायणाय नमः ॥
रमा एकादशी व्रत का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्मशास्त्रों में रमा एकादशी के व्रत को अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन उपवास रखने और भगवान विष्णु की सच्चे मन से आराधना करने पर व्यक्ति को जाने-अनजाने में किए गए पापों से मुक्ति मिलती है।
रमा एकादशी पर भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा करने का भी विशेष विधान है। मान्यता है कि जो भक्त पूरी श्रद्धा और नियमपूर्वक इस दिन व्रत रखते हैं, उनके जीवन में धन-धान्य और सुख-सुविधाओं की कमी नहीं रहती। परिवार में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है।
छठ पूजा 2026: नहाय-खाय से लेकर अर्घ्य और पारण तक जानें चारों दिनों का पूरा कैलेंडर, इस बार बन रहा है खास संयोग
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।