राजधानी दिल्ली समेत देश के मैदानी राज्यों में धुएं और प्रदूषण से सांस लेना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में हजारों लोग साफ हवा के लिए हिमाचल की वादियों का रुख कर रहे हैं। लोग रोहतांग तक पहुंच गए हैं।
यहां वाहनों का जमावड़ा लग रहा है। पिछले एक हफ्ते के दौरान हजारों लोगों ने हिमाचल का रुख किया है। ज्यादातर लोग दिल्ली एनसीआर, यूपी इलाकों के हैं जहां आजकल प्रदूषण ने लोगों को बेहाल कर रखा है। इन इलाकों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है जबकि हिमाचल की वादियों में अभी वायु प्रदूषण न के बराबर है।
साफ हवा के लिए लोग हिमाचल के अलग अलग हिस्सों में पहुंच रहे हैं। राजधानी शिमला में भी लगातार सैलानियों की संख्या बढ़ रही है। उधर, हिमाचल की चोटियों पर इन दिनों बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के चलते पिछले चार दिन से हिमाचल की चोटियों पर बर्फबारी हो रही है।
रोहतांग, चंबा और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसके कारण ठंड भी बढ़ी है। लेकिन सैलानी इसकी परवाह किए बगैर इन इलाकों तक पहुंच रहे हैं।
सैलानियों को इन वादियों में न सिर्फ साफ हवा-पानी नसीब हो रहा है। साथ ही बर्फबारी का नजारा भी देखने को मिल रहा है। रविवार से मनाली-केलांग-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है लेकिन लोग मनाली पहुंचकर साफ मौसम का लुत्फ ले रहे हैं।