पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही हिमाचल में मौसम बदल गया है। रोहतांग समेत आसपास की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसे देखने के लिए सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है।
शुक्रवार को रोहतांग में फाहे गिरे हैं जबकि शनिवार को भी मौसम खराब बना हुआ है। यहां शनिवार और रविवार को भी ताजा हिमपात होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। चंबा के भरमौर और पांगी में ढाई सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है।
जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। रोहतांग के साथ कुंजुम दर्रा और बारालाचा की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। हालांकि, शुक्रवार को रोहतांग और कुंजुम दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही जारी रही।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी की ऊंची पहाड़ियों में शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। भरमौर की ऊपरी चोटियों जालसू, मणिमहेश, इंद्रहार, कुगति, काली छौ में बर्फबारी होने से क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
राजधानी शिमला में सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर बाद शहर में बादल छाने से ठंड बढ़ गई। उधर, प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध पड़ना शुरू हो गई है। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.7, कल्पा में 3.8, मनाली में 4.2, कुफरी में 8.6 और शिमला में 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।