राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए ने नीट यूजी 2021 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में हिमाचल प्रदेश के होनहारों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। नीट परीक्षा में 690 अंक लेकर माधव शर्मा हिमाचल प्रदेश के स्टेट टॉपर बने हैं। माधव मंडी के रहने वाले हैं। उनके पिता डॉ. देवेंद्र शर्मा सीएमओ मंडी के पद पर तैनात है। जबकि माता नेरचौक मेडिकल कॉलेज में डॉ. अनुपमा शर्मा माइक्रोबायोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने 10वीं कक्षा शिक्षा डीएवी सीपीएस खलियार मंडी से की है। जबकि 12वीं कक्षा जीनियस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल नेरचौक से पास की। इसके बाद चंडीगढ़ में स्थित संस्थान से कोचिंग हासिल की। माधव ने कहा कि वह 12 से 15 घंटे पढ़ाई करते थे। उन्हें माता-पिता से प्रेरणा मिली।
NEET UG Result 2021: नीट में छाए हिमाचल के होनहार, माधव शर्मा बने स्टेट टॉपर
नीट में विकास डोगरा ने पाए 651 अंक
नीट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विकास डोगरा ने 651 अंक हासिल किए हैं। विकास ने कहा कि उन्होंने 12वीं के दौरान इस परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। विकास के पिता पंजाब नेशनल बैंक में अधिकारी के रूप में तैनात हैं और माता गृहिणी हैं। विकास ने कामयाबी का श्रेय परिजनों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने 12वीं की परीक्षा हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर से पास की है। विकास डोगरा ने नीट में 99.74 अंक प्राप्त किए हैं।
ध्रुव चंदेल ने हासिल किए 603 अंक
बिलासपुर के रहने वाले ध्रुव चंदेल ने नीट में 603 अंक हासिल किए हैं। इनके पिता राजेश कुमार चंदेल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी में केमिस्ट्री के प्रवक्ता हैं। माता रीना कुमारी शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में सेवारत हैं। चंदेल का चयन एनआईटी हमीरपुर में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में भी हुआ है। अब नीट में अच्छा स्कोर आने के बाद उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई करने का निर्णय लिया है।
सात घंटे पढ़ाई कर सिया डोगरा ने लिए 549 अंक
नीट में सिया डोगरा ने 549 अंक लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सिया डोगरा ने कहा कि दिन में लगातार सात घंटे उन्होंने पढ़ाई की। इसके बाद यह परीक्षा उत्तीर्ण कर र्पाइं। उन्होंने कहा कि उनके पिता पुलिस विभाग में एएसआई हैं और माता गृहिणी हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता अपने अध्यापकों को दिया है। जमा दो की परीक्षा हिम अकादमी विकास नगर से की है। वहीं, हमीरपुर की शैवी ने 671 अंक हासिल किए हैं। उनके पिता का नाम विरेंद्र शर्मा है।
ध्रुव शर्मा ने नीट में हासिल किए 655 अंक
वहीं, मिनर्वा शिक्षण संस्थान घुमारवीं के ध्रुव शर्मा ने नीट परीक्षा में 720 में से 655 अंक हासिल किए हैं। ध्रुव शर्मा की इस उपलब्धि पर संस्थान के प्रबंधक निदेशक प्रवेश चंदेल ने बधाई दी है। कहा कि छात्र की मेहनत का नतीजा है कि उसने यह परीक्षा इतने अच्छे नंबर से पास की। वहीं ध्रुव की माता सरिता शर्मा और पिता शशि पाल शर्मा ने अपने बेटे की इस कामयाबी पर खुशी जाहिर की है। ध्रुव ने कहा कि उसकी इस उपलब्धि का श्रेय उसकी मेहनत के साथ उसके अध्यापकों, माता-पिता को जाता है। ध्रुव का नेशनल रैंक 3313 है। वहीं सामान्य वर्ग रैंक में वो 1828 वें स्थान पर है।