केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों हर समारोह में बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। कभी वे मंच पर कुम्हार के साथ बैठकर दीये बनाते हैं तो कभी कोरोना संक्रमितों को खुद वीडियो कॉल कर उनका हाल-चाल लेते हैं। शनिवार को ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी वे एक नए रूप में नजर आए।
दरअसल बीजेपी में आने के बाद से लगातार केंद्रीय मंत्री सिंधिया अपनी महाराज वाली छवि को तोड़ने के लिए अलग-अलग तरह के काम कर रहे हैं। शनिवार को ग्वालियर में स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत जीवाजी विश्विद्यालय के अटल सभागार में स्वच्छता दूतों का सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण करने को लेकर एक भव्य आयोजन किया गया था। सफाईकर्मियों से जुड़े इस कार्यक्रम में सिंधिया मुख्य अतिथि के तौर शामिल हुए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक महिला सफाईकर्मी के पैर छूकर यह जाहिर करने की कोशिश की है कि वे जमीन से जुड़े जनसेवक हैं ना कि किसी रियासत के महाराज। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंच से उतर कर नीचे बैठी एक सफाईकर्मी के पास पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर मंच पर लेकर आए। उन्होंने सफाईकर्मी से ही कार्यक्रम का शुभारंभ करने के लिए दीप प्रज्वलित करवाया और उसके बाद उस महिला सफाई कर्मी को अपने बगल में कुर्सी पर बैठाया। उन्होंने सफाईकर्मियों को देवता बताया है।
2 of 3
सफाईकर्मी को हाथ पकड़कर कुर्सी पर बिठालते मंत्री सिंधिया।
- फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 25 सफाई कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल व सफाई किट भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, उन्होंने महिला सफाईकर्मियों के पैर छुए और सफाई व्यवस्था में सहयोग करने के लिए उनका आभार माना। अपने भाषण के दौरान सिंधिया ने कहा है कि सफाईकर्मी हमारे देवता हैं इसलिए उन्होंने उनके पैर छुए। इसके साथ ही उन्होंने कहा शहर को अगर कोई साफ रखता है तो वह हमारे सफाईकर्मियों की मेहनत है इसलिए इन सब का सम्मान करना हमारा परम कर्तव्य है।
3 of 3
महिला सफाईकर्मी को किट वितरित करते केंद्रीय मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
पूरे कार्यक्रम में सिंधिया के बगल से बैठी महिला सफाईकर्मी काफी खुश नजर आई। उसका कहना है कि ऐसा मौका पहली बार मिला है, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हम सब सफाईकर्मियों को इतना सम्मान दिया है। वह इस सम्मान से बेहद खुश हैं और इसके साथ ही महिला सफाई कर्मी ने सिंधिया को मध्य प्रदेश में सीएम देखने की इच्छा जाहिर की।