मंदसौर में रविवार देर रात आपसी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। शहर के नरसिंहपुरा इलाके में बेखौफ बदमाशों ने 19 साल के एक युवक पर सरेराह चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर था कि युवक की आंतें तक शरीर से बाहर निकल आईं। सोमवार सुबह इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पूरे शहर में तनाव फैल गया। आक्रोशित समाज के लोगों ने गांधी चौराहे पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के घर ढहाने की मांग की।
महीने भर से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुरा निवासी अरुण (19) और आरोपी पक्ष के बीच पिछले करीब एक महीने से विवाद चल रहा था। रविवार रात करीब 11 बजे जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए, तो बात गाली-गलौज से शुरू होकर खून-खराबे तक जा पहुंची।
ये भी पढ़ें- जल्लाद बना बेटा: लाचार मां को कुल्हाड़ी से काट डाला, उसकी सेवा करते-करते थके बेटे की खौफनाक करतूत
2 of 3
मंदसौर में युवक की हत्या के बाद सड़कों पर उतरे समाजजन
- फोटो : अमर उजाला
अस्पताल में मची चीख-पुकार, रतलाम में थमी सांसें
गंभीर हालत में अरुण को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह जब अरुण की मौत की खबर आई, तो परिजनों का सब्र टूट गया।
गांधी चौराहे पर भारी हंगामा: 'न्याय चाहिए, बुलडोजर चलाओ'
सोमवार दोपहर को बरगुण्डा समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। गांधी चौराहे पर जाम लगा दिया गया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। समाज की मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अपराधियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए। सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद करीब दो घंटे चला हंगामा शांत हुआ।
ये भी पढ़ें-फिर सामने आया भ्रष्टाचार: हाथों से पपड़ी की तरह उखड़ रही डामर की सड़क, 700 मीटर लंबे घटिया निर्माण की पोल खुली
3 of 3
मंदसौर में युवक की हत्या के बाद सड़कों पर उतरे समाजजन
- फोटो : अमर उजाला
CCTV में कैद हुए कातिल
पुलिस ने इलाके की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें घटना से जुड़े सुराग मिले हैं। पुलिस ने रोहित भाटी और युवराज माली को मुख्य हमलावर बताया है। वारदात के समय कुल चार लोग मौजूद थे। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी हुई है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। शहर में शांति व्यवस्था कायम है।