ग्वालियर में पुलिस का एक ऐसा मिशन सामने आया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। इस बार पुलिस किसी शातिर अपराधी या गैंगस्टर की तलाश में नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को खोजने के मिशन पर निकली है। इसके लिए बाकायदा स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है, जिसमें तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस को शामिल किया गया है।
दरअसल, सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं। उनके अनुसार, लड्डू गोपाल की प्रतिमा उन्हें उनकी नानी ने दी थी और वह उन्हें परिवार के सदस्य की तरह अपने साथ रखती थीं। 29 जनवरी को विजया अपनी बहन के साथ कोतवाली थाना क्षेत्र के छापाखाना स्थित सब्जी मंडी में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए।
2 of 3
ग्वालियर में लड्डू गोपाल के गुम हो जाने का मामला सुर्खियों में है।
- फोटो : अमर उजाला
एसपी-आईजी तक लगाई गुहार
प्रतिमा के गुम होने के बाद विजया ने लगातार पुलिस से मदद मांगी। उन्होंने कोतवाली थाने से लेकर सीएसपी, एसपी और अंततः ग्वालियर रेंज के आईजी कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई। विजया का कहना है कि उनके लिए लड्डू गोपाल सिर्फ एक मूर्ति नहीं, बल्कि परिवार के सबसे लाडले सदस्य हैं और उनके बिना घर सूना हो गया है।
ये भी पढ़ें- इंदौर के 900 करोड़पतियों का सीक्रेट ग्रुप, दुबई से भारत तक फैला रहे व्यापार, जानिए कैसे?
3 of 3
ग्वालियर में युवती ने लड्डू गोपाल के खो जाने की गुहार एसपी-आईजी तक लगा दी।
- फोटो : अमर उजाला
बनी एसआईटी
मामले की भावनात्मक गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए। अब तीन थानों की पुलिस संयुक्त रूप से लड्डू गोपाल की तलाश में जुट गई है। पुलिस बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर पुलिस हत्या, चोरी, लूट और अन्य अपराधों की जांच के लिए एसआईटी बनाती है, लेकिन इस बार एक श्रद्धालु की आस्था से जुड़े मामले में विशेष टीम गठित की गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या पुलिस विजया शर्मा के "लाडले लड्डू गोपाल" को खोजकर उनकी वर्षों पुरानी आस्था को फिर से घर तक पहुंचा पाएगी।