दीपमालाओं के अद्भुत, अलौकिक, असाधारण विहंगम दृश्यों के बीच अयोध्यावासियों ने मंगलवार को त्रेतायुग जैसा राम जन्मोत्सव और राजगद्दी की अपार खुशी का अहसास कराया। घरों में दीपमालाएं सजाते हुए हजारों नर-नारी, साधु-संत और बच्चों ने सरयू घाट, राम की पैड़ी से लेकर मठ-मंदिर और सड़कें-गलियां दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा दिए। यह उत्साह 492 वर्षों के संघर्ष और मुकदमेबाजी का वनवास खत्म होने के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की खुशी में था।
2 of 5
जलते हुए दीपक
- फोटो : अमर उजाला
इसकी नींव रखकर बुधवार दोपहर में पीएम मोदी पूरे विश्व को राष्ट्रमंदिर का अहसास कराएंगे। इस खुशी में राम की मर्यादा में पगी अयोध्या की छटा निराली हो गई है। रामलला के जन्म लेते ही सप्तपुरियों में श्रेष्ठ यह नगरी तीनों लोकों में न्यारी हो गई थी। यह अहसास राममंदिर के भूमि पूजन का अनुष्ठान शुरू होते ही अयोध्यावासियों के रोम-रोम में छा गया।
बाजत अवध बधइया, दशरथ घर सोहर हो...
3 of 5
अयोध्या
- फोटो : अमर उजाला
ऐतिहासिक घड़ी की साक्षी बनने आईं लोकगायिका मालिनी अवस्थी कहती हैं कि बाजत अवध बधइया, दशरथ घर सोहर हो...जैसा माहौल है। महंत धर्मदास ने कहा, सैकड़ों साल के संघर्ष का बुधवार को समापन होगा, जब पीएम मोदी राम मंदिर का भूमिपूजन कर कार्यारंभ करेंगे।
श्रीरामजन्मभूमि में बेटियों ने सजाई रंगोली
4 of 5
दीपमाला
- फोटो : अमर उजाला
श्रीरामजन्मभूमि पर फूलों-रंगों से रंगोली सजा रहीं अवध विवि की एसोसिएट प्रो. पल्ल्वी सोनी व योगा की छात्रा अंजू गुप्ता, अमिता, दीपिका कहती हैं कि यह अवसर कई जन्मों का फल है। श्रीरामवल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास कहते हैं राम वन गए और भगवान बन गए। ऐसे ही अब पांच सदी के बाद अयोध्या विश्व के लिए प्रेरक बनेगी। जन्मभूमि को सजाने में जुटे अयोध्या महोत्सव के संयोजक हरीश श्रीवास्तव बोले कि कोरोना न होता तो जनसैलाब दिखता, भक्तों ने राम की मर्यादा दिखाई।
दीयों से जगमगाया सीएम आवास
5 of 5
सजी हुई अयोध्या
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में बुधवार को रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण के होने जा रहे भूमि पूजन की पूर्व संध्या पर मंगलवार को राजधानी में दीपावली जैसा नजारा दिखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग समेत तमाम इलाकों में दीपोत्सव मनाया गया।
दीपोत्सव के लिए मुख्यमंत्री आवास में रंगोली बनाई गई। एक रंगोली पर जय श्रीराम लिखा था। शाम होते ही पूरा मुख्यमंत्री आवास दीयों से जगमगा उठा। लोगों ने मंदिर निर्माण शुरू होने की खुशी में खूब आतिशबाजी की। सीएम योगी ने भी फुलझड़ियां व अनार जलाकर खुशी का इजहार किया।
मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर का निर्माण शुरू होने पर प्रदेशवासियों से 4-5 अगस्त को दीपोत्सव मनाने की अपील की थी। मंगलवार से इसकी शुरुआत हो गई। कई मंत्रियों व आम लोगों ने भी घरों में दीपोत्सव मनाया। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर ने अपने सरकारी आवास पर 101 दीये जलाए। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दीपोत्सव मनाए जाने की सूचना है।